अंबिकापुर। 33वां राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा सप्ताह के समापन अवसर पर मंगलवार को सूरजपुर पुलिस के थर्ड आई कार्यक्रम का शुभारंभ संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े के द्वारा किया गया। आज से जिलेवासियों को थर्ड आई हेल्पलाईन नंबर 9479130224 की सौगात मिली है जिसमें नागरिकगण यातायात से जुड़ी समस्याओं एवं खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के बारे में सूचना दे सकेंगे।
इसके बाद पुलिस सख्ती से कार्यवाही करेगी। कार्यक्रम की शुरूवात छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा अर्चना व छत्तीसगढ़ राज्यगीत अरपा पैरी की धार से किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्राओं को हेलमेट वितरित किया गया तथा छात्र-छात्राओं को लर्निंग लाइसेंस का वितरण किया गया। इस अवसर पर संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े ने कहा कि पुलिस की कड़ाई से यातायात नियम का पालन होगा पर वह पर्याप्त नहीं होगा।
जब तक हम सभी खुद जागरूक होकर यातायात नियम का पालन को कड़ाई से अपने जीवन में नहीं अपनाते। सुरक्षित सफर के लिए सडक़ पर चलने के दौरान सावधानी व यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है।कलेक्टर इफ्फत आरा ने कहा कि सडक़ सुरक्षा सप्ताह का आयोजन क्यों किया जा रहा है, हमें इसे समझने की जरूरत है, सडक़ हादसों का कम करने के लिए पुलिस विभाग से समन्वय स्थापित कर जिले के चयनित ब्लैक स्पोर्ट पर सुधार की दिशा में काम किया जा रहा है।
सेनानी 10वीं वाहिनी छसबल सूरजपुर सुजीत कुमार ने सडक़ सुरक्षा से जुड़े जरूरी नियमों एवं जिन स्थानों पर सडक़ दुर्घटना ज्यादा होती है, वहां किस प्रकार सुरक्षात्मक उपाए कर लोगों की जान बचाई जा सकती है, उन जरूरी बातों पर प्रकाश डाला। अध्यक्ष जनपद पंचायत जगलाल सिंह ने कहा कि नियंत्रित गति से वाहन चलाएं, इससे दुर्घटना नहीं होगी। कार्यक्रम को कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवती राजवाड़े, छत्तीसगढ़ उर्दु एकेडमी बोर्ड सदस्य इस्माइल खान ने भी संबोधित किया।
आभार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व मंच संचालन अशोक उपाध्याय द्वारा किया गया। इस दौरान अध्यक्ष नगर पंचायत विश्रामपुर आशीष यादव, एल्डरमेन राहुल अग्रवाल, अमृतलाल अग्रवाल, पार्षद संजय डोसी, जनप्रतिनिधि, पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
जिले में ९ ब्लैक स्पॉट पर किए जा रहे सुरक्षा के उपाय
एसपी रामकृष्ण साहू ने कहा कि सडक़ सुरक्षा सप्ताह का आज समापन है पर यातायात नियमों के प्रति जागरूकता का अभियान नियमित जारी रहेगा। पुलिस का दायित्व है कि लोगों को सडक़ हादसों से बचाव के लिए उन्हें जागरूक करें। उन्होंने बताया कि जिले में 9 ब्लैक स्पॉट हंै, जहां सडक़ हादसे ज्यादा होते है वहां सुरक्षात्मक उपाए कराए जा रहे है ताकि दुर्घटना को कम किया जा सके। पुलिस अधीक्षक ने सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कहा कि बिना हेलमेट बाइक न चलाएं, मोबाईल फोन से बात करते हुए वाहन न चलाएं, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट अवश्य धारण करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, हमेशा सही दिशा में वाहन चलाएं एवं नाबालिग बच्चों को वाहन ना दें। जिले की यातायात व्यवस्था को सुगम सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग करें। वर्ष 2021 की तुलना में वर्ष 2022 में सडक़ हादसे एवं मृत्यु के मामलों में कमी आई है।