
अमरीका: पिट्सबर्ग शूटिंग कांड में कम से कम 11 की मौत, 6 लोग घायल
पिट्सबर्ग। शनिवार को पिट्सबर्ग में हुई शूटिंग की घटना में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है। पिट्सबर्ग पब्लिक सेफ्टी डायरेक्टर वेंडेल हिश्रिच ने पुष्टि की कि शूटिंग में छह अन्य घायल हो गए हैं। घायल लोगों में चार पुलिस अधिकारी भी हैं। घटना उस वक्त हुई जब पिट्सबर्ग के स्क्वीरिल हिल के सिनेगॉग में एक हमलावर अंधाधुंध फायरिंग करने लगा। गौरतलब है कि सिनेगॉग यहूदियों का पवित्र स्थल माना जाता है। घटना के बाद आरोपी युवक ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
जारी है मामले की जांच
हालांकि अभी तक ये खुलासा नहीं हो पाया है कि हमलावर ने फायरिंग क्यों की। फिलहाल पुलिस इस घटना को आतंकी घटना होने से इंकार नहीं कर रही है। पुलिस अब भी मामले की जांच कर रही है। वहीं हमले में घायल लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। बता दें कि पिट्सबर्ग के स्क्वीरिल हिल में काफी तादाद में यहूदी रहते हैं। पब्लिक सेफ्टी डायरेक्टर वेंडेल हिश्रिच ने अपना दुःख प्रकट करते हुए कहा, "ये घटनाएं आमतौर पर अन्य शहरों में होती हैं, आज यह दुःस्वप्न पिट्सबर्ग शहर में हमारे घर पर आ गया है। यह एक बहुत ही भयानक अपराध दृश्य है।" 46 वर्षीय रॉबर्ट बॉवर्स को शूटिंग के अपराधी के रूप में पहचाना गया है। हमलावर बॉवर्स खुद भी गोलियां लगने से घायल है। आत्मसमर्पण के बाद उसे मर्सी अस्पताल ले जाया गया ।
पेंसिल्वेनिया के पश्चिमी जिले के अटॉर्नी स्कॉट ब्रैडी ने एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि इस अपराध की जल्द ही जांच पूरी कर ली जाएगी। एक बयान में अटॉर्नी जनरल जेफ सत्रों ने पुष्टि की कि न्याय विभाग प्रतिवादी के खिलाफ घृणित अपराध और अन्य आपराधिक आरोपों का केस दर्ज करेगा। एफबीआई पिट्सबर्ग के विशेष एजेंट बॉब जोन्स ने कहा कि अधिकारियों ने अपराध स्थल से एक राइफल और तीन हैंडगन्स बरामद किए।
ट्रंप ने जताया दुःख
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस घटना पर दुख जताया है। ट्रंप ने ट्वीट कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। ट्रयूमप ने लोगों से सिनेगॉग इलाके में न जाने की बात कही है। राष्ट्रपति ट्रंप ने लोगों से घरों में रहने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा की दुःख की इस घड़ी में सभी अमरीकी एक जुट होकर इस संकट का मुकाबला करें।
Updated on:
28 Oct 2018, 10:05 AM IST
Published on:
28 Oct 2018, 9:02 AM IST
बड़ी खबरें
View Allअमरीका
विदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.