अमेठी. 3 मार्च को पीएम मोदी के अमेठी दौरे से पहले तैयारियों की समीक्षा करने सीएम योगी गुरुवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पाण्डेय व कई मंत्रियों संग अमेठी पहुंचे। इस दौरान मीडिया से रूबरू होते हुए सीएम योगी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि अमेठी जो विकास की प्रक्रिया से पिछड़ गया था, अब तीव्र गति से आगे बढ़ता हुआ दिखाई देगा।
ये भी पढ़ें- ‘कोई सर्जिकल स्ट्राइक नहीं हुई’ कहने वाले सपा पूर्व मंत्री ने लिया यू-टर्न, सफाई में दिया यह बयान
बहुत बड़ा प्रोजेक्ट लेकर प्रधानमंत्री यहां आ रहे हैं-
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का तीन मार्च को यहां पर आगमन है। यहां पर एके- 47 का जो लेटेस्ट वर्जन है, उसके उत्पादन की प्रक्रिया को भारत रूस के साथ मिलकर आगे बढ़ाना चाहता है। साढ़े सात लाख से अधिक ऐसी राइफलें यहां बननी हैं। यह बहुत बड़ा प्रोजेक्ट लेकर प्रधानमंत्री जी तीन मार्च को यहां आ रहे हैं। पीएम मोदी इसी के साथ अमेठी जिले से जुड़ी हुई अनेक परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस दृष्य से कार्यक्रम की रुप-रेखा और तैयारियों की समीक्षा करने के लिए मैं और प्रदेश अध्यक्ष यहां आए हैं।
‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कार्यक्रम में भी हुए शामिल-
मुख्यमंत्री यहां गौरीगंज के गुरुकुल ज्ञान अकादमी में पीएम नरेंद्र मोदी के ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कार्यक्रम में शामिल हुए। उनके साथ प्रभारी मंत्री मोहसिन रजा, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पाण्डेय, राज्य मंत्री सुरेश पासी, विधायक दल बहादुर, मयंकेश्वर शरण सिंह मौजूद रहे। उन्होंने पीएम के दौरे की तैयारी का निरीक्षण करते हुए मुंशीगंज के कोरवा स्थित आयुध निर्माण का निरीक्षण किया साथ ही कौहार स्थित सम्राट साइकिल के उस ग्राउंड का भी निरीक्षण किया, जहां पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा होनी है।