अगार मालवा

Agar Malwa : मां-बेटे की मौत से गांव में पसरा मातम, पति और ससुर पर लगे गंभीर आरोप

Badagaon Case : दो दिन से घर से लापता थे मां और मासूम बेटा, मायके पक्ष ने पति और ससुर पर विवाद करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
2 min read
Badagaon Case
मां-बेटे की जीवित अवस्था की तस्वीर (फोटो सोर्स: Patrika

Agar Malwa News : मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के अंतर्गत आने वाली बड़ागांव पुलिस चौकी के लाडोन में महिला और उसके 3 साल वर्षीय बेटे के शव कुएं में मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि, बीते दो दिन से मां अपने बेटे को लेकर अचानक लापता हो गई थी, जिसके बाद से परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे। इसी बीच दूसरे दिन दोनों के शव मिलने की खबर से परिवार में मातम छा गया।

लाडोन में रहने वाली 21 वर्षीय किरण बंजारा, पति गोविंद बंजारा अपने 3 वर्षीय बेटे हंसराज के साथ 18 अक्टूबर को घर से लापता हो गई थी। परिजन ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजन ने पुलिस चौकी बड़ागांव में गुमशुदगी दर्ज करवाई। इसके बाद आज गांव में रहने वाले मांगीलाल भिलाला के कुएं में किरण और हंसराज के शव मिले हैं।

गांव में पसरा मातम

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। चौकी प्रभारी सरदारसिंह परमार पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों बाहर निकलवाया और पंचनामा समेत जरूरी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नलखेड़ा भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजन के सुपुर्द कर दिये हैं। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है।

मौत के कारण तलाश रही पुलिस

चौकी प्रभारी सरदारसिंह परमार का कहना है कि, शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि महिला और उसके मासूम बेटे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

मायके पक्ष ने पति और ससुर पर लगाए गंभीर आरोप

दूसरी ओर मृतका के माता-पिता कैलाश भिलाला और लीलाबाई भिलाला ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि, पति और ससुर आए दिन उससे विवाद करते थे। माता-पिता ने ये भी आरोप लगाया कि, बेटी को मोबाइल फोन पर उनसे बात नहीं करने दी जाती थी। मृतका के माता-पिता ने पति गोविंद सिंह भिलाला के संबंध में पूर्व में एक आपराधिक मामले में 7 महीने जेल में रहने और दूसरी महिला से संबंध होने के आरोप भी लगाए हैं। फिलहाल, पुलिस मामले में पारिवारिक विवाद समेत सभी पहलुओं के तहत जांच कर रही है।

Updated on:
20 Oct 2026 06:50 pm
Published on:
20 Oct 2026 06:43 pm