कलेक्टर-एसपी ने किया सब्जी मंडी का निरीक्षण
आगर-मालवा. अब शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था में सुधार लाने के आसार बनते हुए दिखाई दे रहे हैं। विजय स्तंभ चौराहे से लेकर अस्पताल चौराहे तक यातायात व्यवस्था को बदहाल करने वाले हाथ ठेलो को अब मिडिल स्कूल ग्राउंड पर सख्ती के साथ खड़ा कराया जाएगा।
निरंतर मिलने वाली शिकायतों पर गुरुवार को कलेक्टर अजय गुप्ता तथा एसपी मनोज कुमारसिंह ने पुरी व्यवस्था देखते हुए सब्जी मंडी का निरीक्षण किया और अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत तहसीलदार मुकेश सोनी, नपा सीएमओ महेंद्र वशिष्ठ तथा कोतवाली थाना प्रभारी अवनीश श्रीवास्तव सहित यातायात अमले को निर्देशित करते हुए कहा कि सब्जी मंडी में जो स्थान रिक्त पड़ा हुआ है वहीं पर सब्जी विक्रेता अपनी-अपनी दुकानें लगाए। सब्जी की दुकान सड़क पर नही लगना चाहिए। इसी प्रकार अधिकारियों ने मिडिल स्कूल ग्राउंड का जायजा लेकर वहां पर हाथ ठेलो के माध्यम से व्यापार करने वाले फूटकर विक्रेताओं को ग्राउंड पर बाउंड्रीवाल के सीरे-सीरे खड़े करने के निर्देश दिए। सभी को निर्धारित स्थल पर खड़ा करवाया जाए। एडीएम एनएस राजावत, एएसपी प्रदीप पटेल आदि अधिकारी भी उपस्थित थे।
विजय स्तंभ से लेकर अस्पताल तक हाल बे-हाल
विजय स्तंभ चौराहे से लेकर अस्पताल चौराहा सहित आधा शहर इन दिनो सब्जी मंडी के रूप में तब्दिल होता दिखाई दे रहा है। मनमाने अंदाज में हर कहीं हाथ ठेला तथा फूटकर सब्जी विक्रेता दुकानें लगा लेते हैं जिसके कारण शहर की यातायात व्यवस्था पूर्णत: बदहाल स्थिति में जा पहुंची है। विशेषकर रविवारीय हाट बाजार के दिन स्थिति ओर अधिक चिंताजनक हो जाती है। इस संबंध में नगर पालिका द्वारा कई बार हाथ ठेला तथा फूटकर विक्रेताओं को हिदायत दी जा चुकी थी लेकिन दिशा-निर्देशों का फूटकर विक्रेताओं पर कोई असर नही हो रहा था।
करोड़ों की मंडी सूनी
करोड़ों की लागत से नगर पालिका द्वारा सब्जी मंडी का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन इस सब्जी मंडी का उपयोग गिने-चुने व्यापारी ही कर रहे है। शेष सभी छोटे-मोटे सब्जी विक्रेता शहर की सड़कों पर बेधड़क अपनी दुकानें लगा रहे हैं।
पत्रिका ने उठाया था मुद्दा
पत्रिका द्वारा इस संबंध में लगातार प्रमुखता के साथ समाचार प्रकाशित कर जनप्रतिनिधि तथा प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित करवाया जा रहा था। १८ दिसंबर को भी पत्रिका द्वारा प्रमुखता के साथ समाचार प्रकाशित किया गया था।