
Agar Malwa Nalkheda accident- मध्यप्रदेश के आगर मालवा से दिल दहला देने वाली खबर आई है। एक बरसाती नाले में एक वाहन के डूबने के समाचार है। बताया जा रहा है कि वाहन मे 8 लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर प्रशासन का अमला पहुंच गया है और बचाव कार्य जारी है।
आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में शनिवार को सुबह यह घटना हुई है। इस घटना ने भी का दिल दहला दिया। हादसा इतना भीषण बताया जा रहा है कि 8 लोगों की मौके पर ही मौत बताई जा रही है। यह सभी श्रद्धालु नलखेड़ा में मां बगलामुखी के दर्शन के लिए आए थे, इसी दौरान मंदिर के समीप बरसाती नाले को पार करते वक्त उनकी कार तेज बहाव की चपेट में आ गई और पानी में बह गई। कार में 3 बच्चों, 2 महिलाओं और 3 पुरुषों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला और रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
बरसाती नाले में बही कार और उसमें सवार लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए हैं। जिस कार के हादसे का शिकार होने की जानकारी है, उसका नंबर MP 13 AF 7135 है और यह एस्प्रेसो कार बताई जा रही है। फिलहाल प्रशासन और रेस्क्यू टीम पूरे घटनाक्रम की जांच के साथ राहत और बचाव कार्य में जुटी है। मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया अभी जारी है।
नलखेड़ा में घटनास्थल पर मौजूद संवाददाता दुर्गेश शर्मा ने बताया कि रातभर बारिश जारी थी, इनके वाहन चालक को ब्रिज पार करते समय रास्ता नजर नहीं आया और वाहन सीधे बहते नाले में उतर गया। बहाव इतना तेज था कि कुछ दूर तक वाहन बहते चले गया। इस वाहन में उड़िसा का परिवार था जो महाकाल दर्शन करते हुए नलखेड़ा आया था। इन्होंने उज्जैन से टैक्सी की थी और दर्शन करने के लिए आए थे।