राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने से पहले पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है।
आगरा। राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने से पहले पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। शहर में 945 लोगों को पाबंद कर दिया गया है। दो लाख से पांच लाख रुपये तक के मुचलके भरवाए गए हैं। इसके साथ ही सांप्रदायिक बवाल में जमानत पर जेल से बाहर चल रहे 41 लोगों के मोबाइल भी सर्विलांस पर लगा दिए गए हैं।
रहेगी विशेष नजर
एसपी सिटी रोहन पी बोत्रे ने बताया कि शहर में पुलिस अराजक तत्वों को चिन्हित कर रही है। जो लोग किसी प्रकार के सांप्रदायिक बवाल, शांति भंग या जिन पर शक है कि शांति व्यवस्था में खलल डाल सकते हैं, ऐसे 945 लोगों को पाबंद कर दिया गया है। इसके साथ ही 41 लोगों के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया गया है। इन लोगों पर अलग से भी नजर रखी जा रही है।
इन ऐरिया में विशेष सतर्कता
ताजनगरी की बात करें, तो अति संवेदनशील स्थल थाना ताजगंज का कोलयाई, महादेव गली, दलिहाई, नाहरगंज, तांगा स्टैंड, सदर बाजार का सुल्तानपुरा, मुस्तफा क्वाटर, जगदीशपुरा का राहुल नगर, सब्जी मंडी, सुभाष पुरम, बोदला, नगला बेर, थाना एमएम गेट का मोती कटरा, लोहमंडी का जटपुरा, राजा की मंडी, शाहगंज का रुई की मंडी आदि क्षेत्र शामिल हैं।