आगरा

यूपी में भाजपा 50 सीट भी नहीं पाएगी’, आगरा में सपा के दलित सम्मेलन में बोले सांसद अवधेश प्रसाद

अखिलेश यादव के मंच से बोले अवधेश प्रसाद- आगरा का सम्मेलन सपा के लिए शुभ। बाल योगी सपा में शामिल। सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा- सरकार ने स्कूल बंद कराए।
2 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 2:30 PM IST
Akhilesh Yadav
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव (Photo-IANS)

सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने आगरा में हुए दलित सम्मेलन में दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा 50 सीट भी नहीं पाएगी। सम्मेलन में सपा मुखिया अखिलेश यादव भी मौजूद थे।

अवधेश प्रसाद ने कहा, "आगरा में जो भी सम्मेलन होता है, वह हमारी पार्टी के लिए शुभ होता है। जब-जब नेता जी ने सम्मेलन किया, सपा सत्ता में आई है। यह सम्मेलन ऐसे वक्त में हो रहा है, जब दलितों का उत्पीड़न हो रहा है और आगरा में भाजपा एमएलसी चुनाव में बुरी तरह हारी है।"

उन्होंने कहा, "प्रदेश की जनता ने मन बना लिया है कि भाजपा सरकार को हटाने की ताकत किसी में है तो वह सपा में है। मैं मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की जमीन से हूं। अखिलेश यादव ने मुझे अयोध्या से टिकट देकर भाजपा का घमंड चूर कर दिया। अब इनकी विदाई का समय आ गया है। यह बदलाव की आंधी है।"

बाल योगी ने ली सपा की सदस्यता

सम्मेलन में बाल योगी ने अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा की सदस्यता ली। उन्होंने कहा, "अब नेता जी के बेटे पर विश्वास करो। पिता का 85 साल का अनुभव है और बेटे का 50 साल का।" बाल योगी ने दावा किया कि गरीब सेना के 70 हजार कार्यकर्ता पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे।

'पीडीए की कामयाबी से कांपने लगे धुरंधर'

रामपुर से सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा कि अखिलेश यादव ने सामाजिक न्याय का नारा दिया है और वे प्रदेश के हर व्यक्ति की आवाज हैं। उन्होंने कहा, "दूसरे प्रदेश से लोग आकर यहां पतंगे उड़ाना चाहते हैं, लेकिन उनकी डोर कहीं और है। ऐसे लोग दलित और मुस्लिम समाज को गुमराह करना चाहते हैं।"

नदवी ने प्रदेश सरकार पर स्कूल बंद कराने, वोट चोरी में सहयोग करने और मंदिरों के दान को भी न छोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "अब प्रदेश सामाजिक न्याय से चलेगा, किसी की दादागीरी से नहीं। समाजवादी लोग सबका सम्मान करते हैं और सबको साथ लेकर चलते हैं। पीडीए की कामयाबी से बड़े-बड़े धुरंधर कांपने लगे हैं।"

Updated on:
15 Nov 2026, 2:30 PM IST
Published on: