आगरा

Agra News:होमवर्क न करने पर मासूम की पीठ पर बरसाए डंडे, शिक्षक के खिलाफ तहरीर

Agra News:आगरा के पिनाहट कस्बा क्षेत्र में सरकारी स्कूल के शिक्षक ने होमवर्क न करने पर मासूम छात्र की डंडे से बुरी तरह पिटाई कर दी। परिजनों ने पुलिस से मामले की शिकायत की है।
2 min read
• •
Updated: 26 Jul 2023, 12:03 PM IST
pitai.jpg
बालक की पीठ पर चोट के निशान साफ़ नजर आ रहे हैं

Agra News:उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा का स्तर बढ़ाने के लिए बच्चों को साक्षर बनाने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है मगर शिक्षकों में आज भी हिटलरी साफ देखने को मिल रही है। आए दिन बच्चों के स्कूल परिसर में झाड़ू लगाने जैसे तमाम काम करने की वीडियो वायरल होती रहती हैं। इस बार इन सबसे ज्यादा अत्याचार का मामला सामने आया है। ब्लॉक पिनाहट क्षेत्र के गांव अरनोटा स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक आशीष द्वारा क्रूरता किए जाने की शिकायत की गई है।

होमवर्क नहीं किया तो पीठ पर बरसाए डंडे

स्कूल में कक्षा 8 में पढ़ने वाला छात्र हिमांशु पुत्र रामवीर उम्र करीब 12 वर्ष निवासी गांव अरनोटा थाना बसई अरेला मंगलवार को स्कूल पहुंचा तो वह अपना होमवर्क करना भूल गया था। जिसे लेकर शिक्षक ने पेड़ के हरे डंडे से छात्र की जमकर पिटाई कर दी और उसकी पीठ पूरी तरह से उधेड़ कर रख दी। छात्र खुद को बचाने के लिए अन्य शिक्षकों से मदद की गुहार लगाता रहा, मगर शिक्षक अपनी दबंगई के आगे नहीं माना और जमकर छात्र की पिटाई करता रहा।

घर पहुंच कर परिजनों को दिखाया हाल

छुट्टी के बाद लहूलुहान नाबालिग छात्र रोते हुए घर पहुंचा और परिजनों को मामले से अवगत कराया जिस पर परिजन थाने पहुंचे और शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर हंगामा कर दिया। पुलिस ने तत्काल विद्यालय के शिक्षक को थाने बुलवाया। कार्रवाई से बचाव के लिए आसपास के अन्य स्कूलों के अध्यापक एकत्रित हो गए और छात्र के परिजनों पर राजीनामा का दबाव बनाने लगे। शिक्षकों और छात्र के परिजनों में काफी देर तक बहस बाजी हुई। जिसने भी बच्चे की पीठ को देखा उसके द्वारा शिक्षक को कोसते हुए निंदा की गई। थाना प्रभारी बसई अरेला अभिषेक तिवारी ने बताया कि थाने पर अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर प्राप्त होते ही कार्रवाई की जाएगी।

Published on: