
कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुई झड़प (IANS Photo)
Uttar Pradesh News:आगरा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पैतृक घर पर हुए प्रदर्शन के मामले में छह कांग्रेस नेताओं को अदालत से राहत मिली है। जमानत मिलने के बाद सभी जेल से बाहर आए तो समर्थकों ने उनके साथ जुलूस निकाला। इसी दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई। मामला 28 सितंबर का है, जब एसआईआर के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता विजयनगर कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंचे थे। प्रदर्शन के दौरान गेट पर काले पेंट से अमर्यादित शब्द लिखने का आरोप है।
मामला थाना हरीपर्वत क्षेत्र की विजयनगर कॉलोनी का है। यहां सीईसी ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास पर प्रदर्शन के मामले में कांग्रेस के प्रदेश संगठन महासचिव अनिल यादव, मथुरा जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर समेत छह आरोपियों ने अदालत में जमानत के लिए प्रार्थनापत्र दिया था। सीजेएम शारिब अली ने धाराओं में सात साल से कम सजा का प्रावधान होने पर आरोपियों को रिहा करने के आदेश दिए।
कोर्ट ने विवेचक को धारा 109 (2) लगाए जाने के साक्ष्यों के बारे में जांच पूरी कर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया था। शनिवार को विवेचक साक्ष्य पेश नहीं कर सका। इसके बाद कोर्ट ने धारा 109 (2) हत्या की कोशिश और 121 (2) सरकारी कर्मचारी चोट पहुंचाने की धारा को हटा दिया।
यह मामला 28 सितंबर का है। आरोप है कि कांग्रेस के प्रदेश संगठन महासचिव अनिल यादव और मथुरा जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक कार्यकर्ता ज्ञानेश कुमार के घर के बाहर पहुंचे थे। यहां एसआईआर के विरोध में प्रदर्शन किया गया था। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर के गेट पर काले पेंट से अमर्यादित शब्द लिखे और नारेबाजी की। इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया गया था।
पुलिस ने मामले में अनिल यादव, मुकेश धनगर, राजेश, मनोज गौड़, करण सिंह निषाद, विक्रम वाल्मीकि, उमेश शर्मा और राजा गौतम को नामजद किया था। इनके अलावा 20 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में हत्या का प्रयास, अराजकता फैलाने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने जैसी कई धाराएं लगाई गई थीं।
जमानत पाने वालों में आजमगढ़ के थाना सिधारी के गांव शाहबाजपुर और हाल निवासी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में 13/बी सेक्टर 14 वृंदावन योजना निवासी अनिल यादव, मथुरा के कोतवाली थाना क्षेत्र के जनकपुरी मोहाली रोड निवासी मुकेश धनगर, सहमलपुरा की होली वाली गली निवासी मनोज गौड़, यमुनापार थाना क्षेत्र के ग्राम नगला पोला निवासी राजेश कुमार, पटलोनी निवासी राजा गौतम और थाना बल्देव के गांव हथौड़ा निवासी पंकज चौधरी शामिल हैं।
Updated on:
04 Oct 2026 10:49 am
Published on:
04 Oct 2026 10:00 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
