आगरा

आगरा यूनिवर्सिटी में है कोई काम, तो अभी न आएं..

पदोन्नति मामले को लेकर विवि के कर्मचारियों की जारी है हड़ताल।
2 min read
Aug 07, 2018
Feature image

आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर यूनिवर्सिटी में यदि आपको कोई काम है, तो अभी भूलकर भी नहीं आयें, क्योंकि यहां कोई काम नहीं होने वाला है। दरअसल आगरा यूनीवर्सिटी के कर्मचारी अनिश्चतकालीन हड़ताल पर हैं। ये हड़ताल प्रोन्नति प्रक्रिया में 23 कर्मचारियों को शामिल न करने के विरोध में की जा रही है।

ये है मामला
आगरा यूनीवर्सिटी में कर्मचारियों की प्रोन्नति प्रक्रिया लंबे समय से लंबित चली आ रही है। विश्वविद्यालय शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ ने कुलपति को पांच अगस्त तक प्रक्रिया पूरी न करने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी थी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 5 अगस्त की रात्रि को दो कर्मचारियों को छोड़कर बाकी की प्रोन्नति करने व 6 अगस्त को प्रोन्नति पत्र जारी करने की बात कही थी। छह अगस्त को प्रोन्नति कर्मचारियों की सूची जारी की गई, तो उसमें 23 कर्मचारियों के नाम नहीं थे। इससे कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया। कर्मचारी संघ की आपातकालीन बैठक बुलाकर विवि के निर्णय के खिलाफ अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया गया।


अभी नहीं बनी बात
मंगलवार दोपहर विवि अधिकारियों ने हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों से बात करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बन सकी। कर्मचारी नेताओं ने बताया कि जब तक सभी कर्मचारियों के प्रोन्नत पत्र जारी नहीं होता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। रजिस्ट्रार केएन सिंह ने बताया कि जितने पद रिक्त थे, उन पर प्रोन्नति कर दी गई है। जो पद अब रिक्त हुए हैं उन पर प्रोवीजन पीरियड के बाद ही प्रोन्नति की जाती है। कर्मचारियों से वार्ता कर रास्ता निकाला जाएगा।

Published on:
07 Aug 2018 03:29 pm