अखिलेश यादव मंगलवार को आगरा पहुंचे। इस बीच उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
आगरा। मंगलवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव संजय प्लेस स्थित सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामजी लाल सुमन के आवास पर पहुंचे। वे यहां रामजी लाल सुमन की दिवंगत पत्नी प्रेमवती सुमन को श्रद्धांजलि अर्पित करने आए थे। इस बीच पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
प्रदेश में अराजकता का माहौल
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध चरम पर है। पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल है। महिलाओं के साथ अन्याय हो रहा है। कानून व्यवस्था इस कदर ध्वस्त हो रखी है कि जेल में भी हत्या हो रही है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यूपी दौरे पर उन्होंने कहा कि हमारी योजनाओं का दोबारा शिलान्यास कर रहे हैं, अच्छी बात है।
भाजपा नेता बताएं हिंदू हैं या नहीं
राहुल गांधी का पक्ष लेते हुए उन्होंने कहा कि राहुल पूरी तरह भारतीय हैं लेकिन भाजपा जाति के नाम पर झगड़े कराती है। दूसरों के धर्म पर उंगली उठाने वाले खुद बताएं कि वो हिंदू हैं या नहीं। अखिलेश ने कहा कि भाजपा विकास रोक रही है। मेट्रो को रोकने का काम भी भाजपा ने किया है। देश की जनता भी ये बात समझ चुकी है। उसने भाजपा को नंबर देने शुरू कर दिए हैं। इसका उदाहरण नूरपुर और कैराना चुनाव हैं।
गठबंधन पर ये बोले अखिलेश
वहीं गठबंधन पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि गठबंधन की स्थिति काफी अच्छी है। भाजपा महागठबंधन से डर रही है। और अब देश को नए प्रधानमंत्री की जरूरत है। महागठबंधन का चेहरा कौन होगा, इस सवाल का उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा। ये लोकसभा चुनाव से पहले या बाद में तय कर लिया जाएगा।
सपा की सरकार होती तो आगरा में एयरपोर्ट होता
अखिलेश यादव ने कहा कि शहरवासियों की मांग के बावजूद एयरपोर्ट आगरा में एयरपोर्ट नहीं बनाया। जबकि ये पर्यटन नगरी है। यदि सपा की सरकार होती तो एयरपोर्ट आगरा में ही बनता।