आगरा

राष्ट्रीय अधिवेशन पर अखिलेश यादव के सख्त निर्देश

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन के लिए चंदा नहीं मांगेंगे पदाधिकारी, पांच अक्टूबर को होना है आगरा के तारघर मैदान में अधिवेशन
2 min read
Sep 20, 2017
Feature image

आगरा। पारिवारिक कलह के बाद विधानसभा चुनाव में मिली हार को भुलाकर समाजवादी पार्टी अब लोकसभा की जमीन तैयार करने में जुटी है। लखनऊ में पार्टी का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन 23 सितंबर को है। जिसमें प्रदेश के पदाधिकारियों को जीत का मंत्र बताया जाएगा। वहीं कार्यकर्ताओं में जोश का संचार करने के लिए आगरा में पांच अक्टूबर को एक दिनी राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय अधिवेशन के लिए जमीन तैयार करने के लिए सपाई जुट गए हैं। प्रदेश स्तर से पार्टी हाईकमान ने जिम्मेदारियां भी बांट दी है।

लखनऊ से मिली जिम्मेदारियां
राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और प्रमुख पदाधिकारियों को आगरा में पांच अक्टूबर को होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन के लिए जिम्मेदारियां आवंटित कर दी गई हैं। इनमें स्वागत समिति, आवास समिति, भोजन व्यवस्था समिति, पंडाल, मंच, ट्रांसपोर्ट, सजावट आदि के लिए पदाधिकारियों ने स्वेच्छापूर्वक दायित्व संभालने के लिए कह दिया है। वहीं पूर्व मंत्रियों को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। सपा के पूर्व मंत्री शिवकुमार राठौर को पंडाल, मंच, साउंड सिस्टम और भोजन की व्यवस्था का दायित्व दिया गया है। वहीं आवास व्यवस्था के लिए रामसहाय यादव और प्रवीण राजपूत को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था राहुल चतुर्वेदी, सजावट के लिए महानगर अध्यक्ष रईसुद्दीन कुरैशी, जलपान की व्यवस्था के लिए पहलवान नाहर सिंह यादव और मीडिया किट के लिए अनिल रावत व बीनू महाजन को जिम्मेदारी सौंपी गई है।


चंदा नहीं मांगेंगे कार्यकर्ता
पांच अक्टूबर को होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने पत्र जारी कर कहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सम्मेलन के आयोजन में किसी भी प्रकार का कोई धन, चंदा के रूप में कोई भी पदाधिकारी और कार्यकर्ता नहीं मांगेगा। यदि स्वेच्छा से कोई आर्थिक सहयोग देना चाहे, तो समाजवादी पार्टी के नाम से बैंक ड्राफ्ट दे सकता है, जो शिविर कार्यालय में जमा किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि आगरा में समजावादी पार्टी का सम्मेलन महत्वपूर्ण होगा। पूरे देश में सम्मेलन में लिए गए निर्णय चर्चा का विषय बनेंगे। ऐसी स्थिति में आगरा जनपद के समस्त नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को उत्तरदायित्व होगा कि सभी मिलजुलकर शालीनता पूर्वक आयोजन को सफल बनानेके लिए सहयोग करें।

Published on:
20 Sept 2017 12:12 pm