एय़र इंडिया की ओर से घोषणा की गई कि दिल्ली-आगरा-जयपुर के बीच उड़ान शुरू की जाएगी।
आगरा। इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (आइटो) का अधिवेशन भुवनेश्वर में हुआ। इसमें एय़र इंडिया की ओर से घोषणा की गई कि दिल्ली-आगरा-जयपुर के बीच उड़ान शुरू की जाएगी। यह उड़ान 30 सितम्बर, 2017 से शुरू होगी। दिल्ली-आगरा-जयपुर को गोल्डन ट्रायएंगल कहा जाता है। पर्यटन क्षेत्र में गोल्डन ट्रायएंगल का खास महत्व है। ताजमहल होने के कारण दिल्ली आने वाला हर पर्यटक आगरा जरूर आता है। आगरा के बाद वह जयपुर का भ्रमण करता है।
बुकिंग शुरू करने की मांग
ट्रेवल ब्यूरो के निदेशक और आइटो उत्तर भारत के चेयरमैन सुनील गुप्ता के मतुबिक, उन्होंने आइटो के वार्षिक अधिवेशन में उड़ान शुरू करने की मांग की थी। यह 33वां अधिवेशन था। उनकी मांग पर एयर इंडिया ने ध्यान दिया। अधिवेशन में घोषणा की गई कि अलायंस एयर की दिल्ली-आगरा-जयपुर के बीच उड़ान होगी। उन्होंने यह भी मांग की है कि उड़ान के लिए बुकिंग तत्काल शुरू कर दी जाए, ताकि पर्यटक और व्यापारी अपना प्लान बना सकें।
दो और उड़ान शुरू करने पर मंथन
श्री गुप्ता ने बताया कि आगरा को केन्द्र में रखकर दो और उड़ान शुरू हो सकती हैं। इस बारे में एयर एशिया और इंडिगो के अधिकारियों से बातचीत की गई है। उनसे आग्रह किया गया है कि वे आगरा आकर वस्तुस्थिति का अवलोकन करें। आगरा अंतराष्ट्रीय शहर है और यहां सवारियों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि इस बारे में एयर एशिया और इंडिगो ने सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की है। इस तरह भविष्य में आगरा को काफी लाभ होने वाला है
फिलहाल तीन दिन आ रही उड़ान
फिलहाल एयर इंडिया की उड़ान तीन दिन आगरा आती है। दिल्ली-बनारस- आगरा-खजुराहो उड़ान सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलती है। आगरा से खजुराहो जाने के लिए पांच हजार रुपये किराया है। 30 सितम्बर से शुरू होने जा रही उड़ान का किराया करीब 2500 रुपये हो जाएगा। केन्द्र सरकार ने निर्देश दिया है कि एक घंटे की दूरी वाले शहरों के बीच वायुयान का किराया 2500 रुपये होगा। इसी के तहत किराया घटेगा।
आगरा में सिविल एयर टर्मिनल
बता दें कि आगरा के लिए कोई नियमित उड़ान न होने के कारण लोगों को दिल्ली जाना पड़ता है। वहां से हवाई जहाज की यात्रा करना सुगम है। इस समस्या को दूर करने के लिए आगरा में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने की मांग हो रही है। सरकार आगरा में सिविल एय़र टर्मिनल बनाने की कवायद कर रही है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है।