आगरा

Bakra Eid 2017 मुबारक: ताजमहल से नमाज अदा कर देश में अमन चैन की मांगी दुआ

नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।

2 min read
Sep 02, 2017
Bakra Eid 2017

आगरा। ईद उल जुहा बकरीद की नमाज ताजमहल मस्जिद में अदा की गई। हजारों लोगों ने नमाज अदा कर देश में अमन चैन की दुआ मांगी। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। शनिवार को ताजमहल में नमाजियों के लिए तीन घंटे फ्री एंट्री रही। सुरक्षा के लिहाज से यहां चाक चौबंद इंतजाम किए गए। आगरा के कई स्थानों पर ईद की नमाज अदा की गई।

हर साल सैकड़ों लोग आते हैं नमाज पढ़ने
ताजमहल में एक तरफ मस्जिद है, तो दूसरी तरफ मेहमानखाना का भी है। आगरा में हर साल ईद के मौके पर सैंकड़ों लोग यहां नमाज अदा करने आते हैं। ताजमहल पर इमाम साहब सैयद सादिक अली ने नमाज अदा कराई। इब्राहिम जैदी ने बताया कि दुआ मांगी गई है कि इस्लाम के नाम पर जो गलत काम करते हैं, ऐसे लोगों को नसीहत दें। सुबह शाही जामा मस्जिद में भी नमाज हुई। यहां सुबह हजारों लोगों ने अमन चैन दुआ मांगी ।

नए—नए कपड़े पहनकर बच्चों ने दी मुबारकबाद
इस पवित्र पर्व के मौके पर नए-नए कपड़ों में सजे मुस्लिम समुदाय के हजारों लोग शहर की मस्जिदों में इकट्ठा हुए। एक दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। जामा मस्जिद, ईदगाह आदि पर भी ईदी लेने वालों का हुजूम लग गया। इस मौके पर छोटे—छोटे बच्चे भी एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद देते दिखे।

नमाज के बाद कुर्बानी
नमाज अदा करने के बाद कुर्बानी का दौर शुरू हो गया। बता दें कि इस्लाम में कुर्बानी का सबसे अधिक महत्व माना गया है। कहा गया है कि अपनी प्यारी चीज रब की राह में खर्च करो। ईद उल जुहा के सामान कुर्बानी के तीन हिस्से किए जाते हैं। एक हिस्सा दान के लिए, दूसरा रिश्तेदारों के लिए और एक हिस्सा स्वयं के लिए होता है। नमाज के बाद कुर्बानी दी गई।


पुलिस ने सुरक्षा के किए कड़े प्रबंध
बकरीद की नमाज अदा करने के दौरान शहर की विभिन्न मस्जिदों में पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए। एसएसपी दिनेश चंद दुबे ने स्वयं सुरक्षा का जायाजा लिया और लोगों को ईद की बधाईयां दीं। अन्य पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी शहर की विभिन्न मस्जिदों पर रहे। बकरीद के मौके पर शहर की सुरक्षा को तीन जोन में बांटा गया है।

Published on:
02 Sept 2017 10:28 am
Also Read
View All