भजन सम्राट विनोद अग्रवाल के निधन पर शोक की लहर, आगरा में हुए कई बड़े आयोजन।
आगरा। भजन सम्राट विनोद अग्रवाल का नाम जब भी आता है, तो मन में उमंग छा जाती है। जब वे गाते थे तो सुनने वालों के भीतर तक उतर जाते और आँसुओं की शक़्ल में बाहर बह आते। भाव विभोर हो कर खुद भी रोने लगते हैं और अपने सुनने वालों को भी रुला देते। आँखे बन्द कर गाने वाले इस भक्त के भजन को लोग आँखें बन्द कर के सुनते थे। आगरा में भजन सम्राट विनोद अग्रवाल के कई बड़े आयोजन हुए।
भक्त को भजन में रमा देने की थी अद्भुत कला
भजन सम्राट विनोद अग्रवाल के आगरा में कई कार्यक्रम हुए। विनोद अग्रवाल को सुरों का बादशाह भी कहा जाता है, उन्होंने विश्व प्रसिद्द भारतीय भजन गायक के रूप में अपनी एक अलग पहचान बनाई। इनके भजन में भक्तों को भगवान से सीधा जुड़ाव महसूस होता था। उनके भजन गायन का अंदाज़ सबसे निराला था, उनके समक्ष एक अनोखी दिव्यता थी, जो भक्त को भजन में रमा देने का काम करती थी।
1500 से अधिक लाइव कार्यक्रम
उन्होंने भारत में 1500 से अधिक लाइव कार्यक्रम और यू.के., इटली, सिंगापुर, स्विटजरलैंड, फ्रांस, कनाडा, जर्मनी, आयरलैंड, थाईलैंड, दुबई, नेपाल जैसे दुनिया के विभिन्न हिस्सों में कई सफल कार्यक्रम किए। 115 से भी अधिक ऑडियो कैसेट, सीडी और वीसीडी भारत में कई शीर्ष ऑडियो कंपनियों द्वारा जारी की गई हैं, जो पूरे विश्व में फैली हैं। उनके भजन रिकॉर्डिंग को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न टीवी चैनलों और स्थानीय केबल नेटवर्क के जरिए दिखाया जाता है। उनकी रिकॉर्डिंग बिना किसी रिटेक के सीधे रिकॉर्ड होती थी।