
आगरा में प्लास्टिक के डिब्बे में मिला नवजात बच्ची का शव | फोटो सोर्स- Gemini
Agra Crime News: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। रविवार शाम कोतवाली थाना क्षेत्र के नीम दरवाजा फ्रीगंज रेलवे पुल के पास एक नाले में नवजात बच्ची का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मासूम का सिर एक प्लास्टिक के बड़े डिब्बे के अंदर ठूंसा हुआ था और उसका धड़ बाहर निकला था। इस भयानक नजारे को देखकर वहां से गुजर रहे लोगों के होश उड़ गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नाले में पड़ी बच्ची का शरीर नीला पड़ चुका था और धूप की वजह से उसकी त्वचा बुरी तरह झुलस गई थी। बच्ची के पेट पर कॉर्ड क्लैंपिंग (नाल) लगी हुई थी और वह पूरी तरह निर्वस्त्र थी। इसे देखकर यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि बच्ची का जन्म कुछ घंटे पहले ही हुआ था और जन्म के तुरंत बाद ही उसे इस हालत में फेंक दिया गया।
नाले के पास से गुजर रहे एक कूड़ा बीनने वाले व्यक्ति की नजर सबसे पहले इस शव पर पड़ी। उसने तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा किया और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया जाता, तो आवारा कुत्ते बच्ची के शव को नुकसान पहुंचा सकते थे।
इस घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। लोगों का कहना है कि बच्ची के रोने या बचने की किसी भी संभावना को खत्म करने के लिए शायद उसका मुंह डिब्बे में बंद कर दिया गया हो। वहीं, कुछ लोग इसे समाज के डर यानी लोकलाज से जोड़कर देख रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि बेटी के जन्म के बाद ही इस क्रूर कदम को अंजाम दिया गया है। पुलिस को भी यही शक है कि परिवार के किसी व्यक्ति ने ही इस घटना को अंजाम दिया है, क्योंकि कोई बाहरी व्यक्ति इतनी निर्दयता नहीं दिखा सकता।
इस पूरी घटना के दौरान एक चौंकाने वाला पहलू भी सामने आया। जानकारी मिलने के बाद पाय चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन वे इसे दूसरी चौकी क्षेत्र का मामला बताकर टालने की कोशिश करने लगे। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल पुलिस इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। जांच में सामने आया है कि रविवार दोपहर करीब 2 बजे उस रास्ते से एक ई-रिक्शा गुजरा था। पुलिस को शक है कि इसी ई-रिक्शा से आए किसी व्यक्ति ने शव को नाले में फेंका होगा।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि बच्ची की मौत पहले ही हो चुकी थी या नाले में फेंके जाने के बाद दम घुटने से गई। पुलिस आसपास के अस्पतालों के रिकॉर्ड भी चेक कर रही है ताकि परिजनों का पता लगाया जा सके।
Updated on:
04 May 2026 12:25 pm
Published on:
04 May 2026 12:25 pm
