
आगरा। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2019 के लिए प्लान तैयार कर लिया है। ब्रज की 13 लोकसभा सीटों को जीतने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव द्वारा कार्यकर्ताओं को टिप्स दिये जा रहे हैं। आगरा में आज हुई लोकसभा चुनाव संचालन समिति की बैठक में नेताओं और पदाधिकारियों को चुनाव जीतने के लिए किस दिशा में कार्य करना और किस तरह कार्य करना है बताया गया।
यहां हुई बैठक
लोकसभा चुनाव संचालन समिति की बैठक अग्रसेन भवन लोहामंडी में हुई। इस बैठक में आगरा के अलावा फतेहपुर सीकरी, मथुरा, मैनपुरी और फिरोजाबाद के सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्षों के साथ सभी पदाधिकारियों को बुलाया गया है। इस बैठक की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव द्वारा की गई। बैठक में ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, संगठन मंत्री बृज और कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र भवानी सिंह, प्रदेश महामंत्री व क्षेत्रीय प्रभारी गोविंद नरायण शुक्ल, उर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा मुख्य रूप से मौजूद रहे।
पांच लोकसभा के लिए आज बना प्लान
ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव संचालन समिति की बैठक में ब्रज क्षेत्र की पांच लोकसभा सीट के लिए प्लानिंग हुई।लोकसभा संचालन की समिति की बैठक में पांचों जिलों के सभी जिलाध्यक्ष, सभी जिलों के प्रभारी, सभी को आमंत्रित किया गया था। उनहोंने बताया कि भाजपा की जो मूल विचारधारा है। भाजपा के जो सिद्धांत हैं और पार्टी किस ट्रैक पर कार्य कर रही है और कार्यकर्ताओं को किस दिशा में कार्य करना है, उस पर चर्चा की गई। बूथ की मजबूती पर ध्यान देने के लिए कहा गया है। ब्रज क्षेत्र में 26 हजार 693 बूथ हैं। 2433 सैक्टर हैं। ब्रज में 63 विधानसभायें 13 लोकसभायें हैं। उन्होंने कहा कि पूरा विपक्ष एकत्र हो जाये तो भी और और न हो तो भी, भाजपा हर प्रकार की चुनौती लेने के लिए तैयार है।
फ्यूज बल्ब हैं ये दल
ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने कहा कि भाजपा के सामने जो विपक्ष है, सपा, बसपा और रालोद इनका कोई आधार नहीं है। राष्ट्र के प्रति इनकी कोई सूझबूझ नहीं है। इनकी यात्रा का निभिक कौन बनेगा, कौन लीडर बनेगा ये भी तय नहीं हैं। ये सभी दल उस प्रकार से हैं, जैसे घर के अंदर कोई फ्यूज बल्ब होता हो। फ्यूज बल्ब के अंदर कोई प्रकाश नहीं होता है और अकेले भाजपा ऐसी है उसके नेता नरेन्द्र मोदी, जो देश के प्रधानमंत्री हैं, वो सूर्य के प्रकाश से भी ज्यादा प्रताप वाले व्यक्ति हैं। आगामी चुनाव की दृष्टि से तैयारी शुरू कर दी हैं।