आगरा

फतेहाबाद विधायक छोटेलाल वर्मा का निधन: दो दिन से तेज बुखार से थे पीड़ित, नोएडा के अस्पताल में ली अंतिम सांस

BJP MLA Chhotelal Verma: आगरा की फतेहाबाद विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक छोटेलाल वर्मा का गुरुवार शाम निधन हो गया। दो दिन से तेज बुखार से पीड़ित होने के बाद उन्हें उपचार के लिए नोएडा लाया गया था।
2 min read
• •
Sep 24, 2026
Chhotelal Verma
बीजेपी विधायक छोटेलाल वर्मा (फाइल फोटो)

BJP MLA Chhotelal Verma Passes Away: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा का गुरुवार (24 सितंबर 2026) को निधन हो गया। वह पिछले दो दिनों से तेज बुखार से पीड़ित थे। नोएडा के यथार्थ अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

तबीयत बिगड़ने और अस्पताल में भर्ती होने का सिलसिला

विधायक छोटेलाल वर्मा की तबीयत कुछ दिनों से खराब चल रही थी। दो दिन पहले उन्हें तेज बुखार आया। हालत बिगड़ने पर उन्हें आगरा के राजपुर चुंगी स्थित एक निजी अस्पताल (उपाध्याय हॉस्पिटल) में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। परिजन उन्हें दिल्ली रेफर करने के लिए ले जा रहे थे। रास्ते में तबीयत और बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सांसद राजकुमार चाहर ने जानकारी देते हुए बताया कि विधायक पिछले दो दिन से बुखार से जूझ रहे थे। आगरा में भर्ती रहने के बाद हालत नहीं सुधरने पर दिल्ली ले जाते समय नोएडा में उनकी मृत्यु हो गई।

विधायक का राजनीतिक सफर

छोटेलाल वर्मा का जन्म 7 जुलाई 1953 को आगरा जिले के नगला देवहंस गांव में हुआ था। वे मल्लाह (निषाद) समुदाय से थे। उन्होंने फतेहाबाद से कई बार विधायक के रूप में जीत हासिल की थी। 1993 और 2002 में भाजपा से, 2012 में बसपा से तथा 2022 में फिर भाजपा से विधायक चुने गए। 2012 में मायावती सरकार में वे राज्य मंत्री भी रह चुके थे। 2016 में उन्होंने भाजपा में वापसी की थी। पेशे से वे कृषि और व्यवसाय से जुड़े थे।

सीएम योगी ने जताया शोक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट कर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक छोटे लाल वर्मा जी का निधन अत्यंत दुखद है। क्षेत्र के समर्थकों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। परिवार और भाजपा कार्यकर्ताओं ने अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

विधायक छोटेलाल वर्मा करीब चार दशक से क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहे। उनकी मौत से फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र में शोक का माहौल है। अंतिम संस्कार की तैयारियां परिवार द्वारा की जा रही हैं।

Updated on:
24 Sept 2026 09:52 pm
Published on:
24 Sept 2026 09:52 pm