
आगरा। भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव 2019 नरेन्द्र मोदी ऐप से लड़ने की तैयारी कर रही है। आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित होटल उत्कर्ष विला में आयोजित हुई विस्तारकों और आईटी विभाग की बैठक में नरेन्द्र मोदी ऐप को बढ़ावा देने पर चर्चा की गई। बताया गया कि इस ऐप के माध्यम से कार्यकर्ताओं के साथ जनता को भी सीधे जोड़ा जा सकता है। इस ऐप में भारतीय जनता पार्टी संगठन को भी संबद्ध किया गया है। प्रधानमंत्री चाहें तो बूथ स्तर के कार्यकर्ता से भी बात कर सकते हैं।
ऐप के बारे में दी गई जानकारी
आईटी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित मालवीय ने कार्यकर्ताओं को नरेन्द्र मोदी ऐप की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस ऐप में कई सारे इनोवेटिव फीचर्स हैं, जिनका इस्तेमाल कर आप सीधे पीएम से जुड़े रह सकते हैं। इस ऐप को गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध कराया गया है, जहां से फ्री में डाउनलोड कर सकते हैं। इस ऐप को इन्स्टॉल करने के बाद इसमें इंटरेक्ट विद पीएम का ऑप्शन आता है। इस ऑप्शन में आप इनबॉक्स के साथ आप पीएम को मेल लिख सकते हैं। इसमें आइडिया एंड सजेशन, पीएम के साथ मन की बात समेत पीएम मोदी की सरकार में आने के बाद उपलब्घियों समेत कई सारी जानकारियां ले सकते हैं। इसके अलावा पीएम की तरफ से आने वाले ई-मेल भी यहीं पर दिखते हैं।
ये भी पढ़ें - प्रबुद्धजनों की चुप्पी देश के लिए सबसे बड़ा खतरा: योगी आदित्यनाथ
इस तरह हर किसी तक पहुचेगी पीएम के मन की बात
ब्रज क्षेत्र आईटी प्रमुख गौरव वाष्र्णेय ने बताया कि प्रधानमंत्री के नरेन्द्र मोदी ऐप के जरिए केन्द्र सरकार की हर योजना की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। इस ऐप को मोबाइल में डाउनलोड करने के बाद अपडेट होने के सभी नोटिफिकेशन मोबाइल स्क्रीन पर समय समय पर आते रहेंगे। आईटी विभाग के कार्यकर्ताओं को बताया गया कि इस ऐप पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाए।