
आगरा। 31 जनवरी को साल 2018 का पहला चंद्र ग्रहण पड़ रहा है। चंद्रग्रहण शाम 5:18 मिनट पर शुरू होगा और 8:42 मिनट पर समाप्त होगा। ग्रहण काल से नौ घंटे पहले सूतक लग जाएंगे। ज्योतिषाचार्य डॉ. अरविंद मिश्र के अनुसार काफी समय बाद इतने लंबे समय का ग्रहण पड़ने जा रहा है। इस बार चंद्रग्रहण कर्क राशि एवं पुष्य-आश्लेषा नक्षत्र में हो रहा है। ऐसे में यह कर्क राशि के लोगों के लिए परेशानीभरा हो सकता है। इसके अलावा भी कुछ राशियों के लिए शुभ तो कुछ के लिए अशुभ रहेगा। ग्रहण के दुष्प्रभावों से बचने और इसे शुभ बनाने के लिए ग्रहण काल में मंत्र का जाप करें।
एक जाप से मिलेगा एक लाख जाप का फल
ज्योतिषाचार्य डॉ. अरविंद मिश्र बताते हैं कि ग्रहण काल में जाप का बेहद महत्व होता है। ज्योतिषाचार्य, ऋषि—मुनि आदि सिद्धि के लिए ग्रहण काल का खासतौर पर इंतजार करते हैं क्योंकि ग्रहण काल में एक बार के मंत्र के जाप का एक लाख गुना असर होता है। ग्रहण काल में जाप करके तमाम कार्यों की सिद्धि की जाती है।
गायत्री मंत्र, शिव मंत्र या गुरू मंत्र का जाप
ज्योतिषाचार्य के मुताबिक आज ग्रहण काल के समय परेशानियों से मुक्ति पाने और अपने कार्यों की सिद्धि के लिए गायत्री मंत्र, शिव मंत्र या गुरू मंत्र का जाप करें। चंद्र मंत्र का जाप भी शुभदायी रहेगा। इसके अलावा चंद्र का संबंध आपकी मां से होता है इसलिए अपनी माता की सेवा करें, उनका सम्मान करें इससे चंद्र संबंधी परेशानियां दूर होती हैं।
जानें विभिन्न राशियों पर प्रभाव
1. मेष राशिः- मेष राशि वाले व्यक्तियों के लिए यह ग्रहण अशुभ फलदायक है। मानसिक अशांति एवं कष्ट का अनुभव होगा।
2. वृषभ राशिः- वृषभ राशि वाले जातकों के लिए यह ग्रहण अनुकूल फलप्रद होगा, धन लाभ में वृद्धि होगी।
3. मिथुन राशिः- मिथुन राशि वाले जातकों के लिए यह ग्रहण अशुभ फलदायक है। आर्थिक हानि सम्भव है।
4. कर्क राशिः- इस राशि वालों के लिए शारीरिक कष्ट अथवा दुर्घटना की संभावना रहेगी। सावधानी बरतनी चाहिए।
5. सिंह राशिः- इस राशि वाले जातकों के लिए व्यय अधिक होगा अथवा आर्थिक हानि की सम्भावना रहेगी। स्वास्थ्य के प्रति भी सावधान रहने की आवश्यकता है।
6. कन्या राशिः- इन राशि वाले जातकों के लिए शुभ फलों की प्राप्ति होगी। धन लाभ के योग बनेगें एवं उन्नति की सम्भावना रहेगी।
7. तुला राशिः- तुला राशि वाले जातकों के लिए यह ग्रहण शुभ फलप्रद रहना चाहिए। सुख एवं समृद्धि में वृद्धि होगी।
8. वृश्चिक राशिः- इन राशि वाले जातकों के लिए चिंता एवं अपयश आदि की सम्भावना है।
9. धनु राशिः- इन राशि वाले जातकों के लिए आकस्मिक समस्या एवं रोग की सम्भावना रहेगी।
10. मकर राशिः- इस राशि वाले जातकों के लिए दाम्पत्य सुख में कमी एवं जीवन साथी को कष्ट सम्भव है।
11. कुंभ राशिः- इस राशि वाले जातकों के लिए ग्रहण शुभ फलप्रद रहेगा। सुख की प्राप्ति होगी। कार्याें में सफलता मिलेगी। शत्रु परास्त होंगे।
12. मीन राशिः- इस राशि के जातकों के लिए यह ग्रहण अशुभ फलप्रद रहने की संभावना है। शारीरिक, मानसिक चिंता बनी रहेगी।
यह भी पढ़े - चंद्र ग्रहण आज, सूतक में न करें ये काम , इन बातों का रखें ख्याल