
आगरा। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर बुधवार रात बड़ा हादसा हुआ। यहां एक मासूम का हाथ प्लेटफार्म नंबर एक पर लगी स्वचालित सीढ़ियों में फंस गया। बच्चा चीखा, तो माता पिता के होश उड़ गये। चीखपुकार सुन वहां मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत ही सीढ़ी का संचालन बंद कर दिया। इसके बाद बच्चे का हाथ मशीन में से निकाला जा सका।
यहां की है घटना
ये घटना बुधवार देर रात आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक की है। यहां एक परिवार मथुरा की ट्रेन पकड़ने के लिए अपने दो बच्चों के साथ प्लेटफार्म पर लगी स्वचालित सीढ़ी से प्लेटफार्म नंबर दो पर जा रहे थे। इसी दौरान उसके साथ चल रहे 10 वर्षीय बेटे का हाथ सीढ़ियों में फंस गया। मासूम का हाथ जैसे ही स्वचालित सीढ़ियों में फंसा, वह दर्द से चीख उठा। यह देख माता पिता ने शोर मचा दिया। स्टेशन पर मौजूद यात्री भी बच्चे की मदद के लिए दौड़ पड़े।
तो हो जाता बड़ा हादसा
गनीमत यह रही कि स्टेशन पर तैनात कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुये तुरंत ही मशीन का संचालन बंद कर दिया, जिससे बच्चे के हाथ में अधिक चोट नहीं आई। मशीन का संचालन बंद करने के बाद सावधानी से बच्चे के हाथ को बाहर निकाला गया। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक मुकेश कुलश्रेष्ठ ने बताया कि स्टेशन पर घुमंतू परिवार के बालक का हाथ स्कैलेटर में आया था, लेकिन तुरंत ही मशीन बंद करके उसका उपचार कराया गया, उसके हाथ में ज्यादा चोट नहीं आई। स्कैलेटर पर कर्मचारी मौजूद रहता है, उसने बताया कि बालक स्कैलेटर पर उछल कूद कर रहा था।