उत्तर प्रदेश में योगी सरकार का एक वर्ष पूरा होने पर उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि यूपी विकास की ओर है।
आगरा। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार का एक वर्ष पूरा होने पर उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि यूपी विकास की ओर है। एक दो वर्ष में आगरा ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की सूरत बदल जाएगी। जब वर्तमान सरकार सत्ता में आई थी, तब प्रदेश के हालात अच्छे नहीं थे, वर्तमान सरकार ने कानून का राज्य स्थापित किया। जो माफिया थानों में जाकर धमकी देते थे, वे आज जेल से अपने गुनाहों की माफी मांग रहे हैं। आज उत्तर प्रदेश में उद्योगपति फैक्ट्री लगाने के लिए तैयार हो गए हैं।
यहां हुआ प्रोग्राम
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने आगरा कालेज के गंगाधर शास्त्री हाल में आयोजित उप्र सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम में ये विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सम्पूर्ण विकास हेतु प्रदेश सरकार ने एक वर्ष में अनेक महत्वपूर्ण व जनकल्याणकारी कार्य किये हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा बिना पुलिस के हस्तक्षेप के नकल विहीन परीक्षा कराई है। परीक्षा में 11 लाख परीक्षार्थियों द्वारा परीक्षा को छोड़ दी गई, इन छात्रों में अधिकांश ऐसे थे जो बाहर के प्रदेशों के थे, जो यहां केवल परीक्षा देने आते थे।
एक साल में ये हुए विकास कार्य
कार्यक्रम में अध्यक्ष राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग भारत सरकार एवं सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया ने कहा कि जनपद आगरा के लिए प्रदेश सरकार के साथ-साथ केन्द्र सरकार ने भी अनके कार्य किये हैं, जहां एक ओर आगरा से इटावा बटेश्वर तक रेल सेवा प्रारम्भ की गई है, वहीं दूसरी ओर आगरा से जयपुर शताब्दी एक्सप्रेस, आगरा से दिल्ली तक गतिमान एक्सप्रेस तथा आगरा से एटा के लिए पैसेन्जर चालू की गई है। आगरा-बरेली हाइवे के लिए 1000 करोड़ रुपये दिये जाने के साथ ही आगरा एयरपोर्ट के लिए भी धनराशि दी गई है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही आगरा में पं दीन दयाल उपाध्याय के नाम पर एयरपोर्ट की स्थापना होगी। उन्होेंने बताया कि आगरा के लिए रबर डैम के स्थान पर बैराज स्वीकृत किया गया है। आगरा में पासपोर्ट कार्यालय प्रारम्भ हो चुका है और शीघ्र मैट्रो का कार्य भी प्रारम्भ हो जायेगा। आगरा में हाईकोर्ट बैंच लाने के लिए भी प्रयास किया जा रहा है।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक महेश गोयल, राम प्रताप सिंह, जीएस धर्मेश, जगन प्रसाद गर्ग , जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश बघेल, नगर अध्यक्ष विजय शिवहरे ने भी प्रदेश सरकार द्वारा किये गये कार्यो पर अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर सांसद बाबू लाल, मंडलायुक्त के राममोहन राव, पुलिस महानिरीक्षक राजा श्रीवास्तव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित पाठक, प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़, परियोजना निदेशक अवधेश कुमार वाजपेयी, जिला विकास अधिकारी के साथ अन्य अधिकारीगण व जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।