
आगरा। एससी/एसटी में संशोधन का विरोध कर चर्चा में आए कथा वाचक देवकी नंदन ठाकुर दो दिन बाद बड़ा ऐलान करने जा रहे हैं। रविवार को फतेहपुर सीकरी के रायभा टोल प्लाजा पर जब देवकी नंदन ठाकुर पहुंचे, तो समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों को उन्होंने बताया कि अभी धार्मिक यात्रा पर हैं। दो दिन बाद बड़ा ऐलान करेंगे।
ये बोले देवकीनंदन ठाकुर
देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि चुनाव आयोग का पूरा सम्मान करते हैं। अभी बड़ी प्लानिंग चल रही है। जब उनसे पूछा गया कि किसी पार्टी से संपर्क में हैं, तो उन्होंने कहा कि बहुत कुछ अच्छा होने वाला है। दो दिन का समय दीजिए। दो दिन बाद एक बड़ी प्रेसवार्ता का आयोजन होगा और उसमें सारी चीजें मीडिया के सामने रखेंगे।
यहां हुआ स्वागत
देवकीनंदन ठाकुर दिल्ली से दक्षिण बाईपास होते हुए दतिया झांसी के लिए अपनी आध्यात्मिक यात्रा के लिए निकल रहे थे। फतेहपुर सीकरी के रायभा टोल पर समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। देवकीनंदन ठाकुर को फूल मालाओं से लाद दिया गया। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने राजनीतिक बयान देने के लिए 2 दिन का समय मांगते हुए कहा कि यह आध्यात्मिक यात्रा है। 2 दिन बाद सभी न्यूज़ चैनलों को राजनीतिक बयान दिया जाएगा।