आगरा

गुलाबी शर्ट वाले इस शख्स को देख सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर मच गई अफरा तफरी, जो फरमा रहे थे आराम, उनके उड़ गए होश

गुलाबी शर्ट पहने हुए, साधारण अंदाज में पहुंचे इस शख्स को पहले तो कोई पहचान नहीं पाया, लेकिन जैसे ही पहचान हुई...

2 min read
Aug 21, 2018
DM Agra NG Ravi kumar

आगरा। खेरागढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर अचानक गुलाबी शर्ट पहने हुए, साधारण अंदाज में पहुंचे इस शख्स को पहले तो कोई पहचान नहीं पाया, लेकिन जैसे ही पहचान हुई, तो अफरा तफरी मच गई। ये शख्स कोई और नहीं, बल्कि आगरा के जिलाधिकारी एनजी रवि कुमार थे। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत को जाना।

यहां का किया औचक निरीक्षण
जिलाधिकारी एनजी रवि कुमार ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खेरागढ़ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सकों व अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका की जांच की। उन्होंने पैथोलाजी रजिस्टर की जांच की तो पाया कि रजिस्टर में मरीजों के नाम के साथ मोबाईल नम्बर अंकित नहीं हैं, जिस पर जिलाधिकारी ने नराजगी प्रकट की। उन्होंने कहा कि मोबाईल नम्बर अंकित न होने पर, मरीजों को समुचित इलाज हेतु आवश्यक सलाह नहीं दी जा सकती।

जांच के दौरान ये दिये निर्देश
पैथोलॉजी रजिस्टर में आज किए गए ब्लड टेस्ट में 03 गर्भवती महिलाओं में हिमोग्लोबिन का स्तर कम पाये जाने पर जिलाधिकारी ने डॉ पुष्पा से पूछा कि इन गर्भवती महिलाओं को क्या सलाह व दवायें दी गयी, ताकि उनका हिमोग्लोबिन स्तर बढ़ सकें व उनमें खून की कमी दूर हो सके। इन्हें आयरन सुक्रो का इंजेक्शन लगाने आदि की जानकारी प्राप्त की। इस पर डॉ पुष्पा द्वारा संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया। जिलाधिकारी ने इन गर्भवती महिलाओं को तत्काल आयरन सुक्रो के इंजेक्शन लगाने के निर्देश दिये। इस दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित गर्भवती महिला अनीता से भी वार्ता की तो अनीता ने बताया कि डाक्टर द्वारा आवश्यक जानकारी नहीं दी जाती है।


ये बोले जिलाधिकारी
जिलाधिकारी ने कहा कि गर्भवती महिलाओं की सुरक्षित प्रसव व सेहतमंद बच्चे के लिए इनका नियमित अन्तराल पर 03 बार खून की जांच की जाए तथा उन्हें आयरन की गोली नियमित खाने व पौष्टिक भोजन आदि से सम्बन्धित आवश्यक जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि खून की जांच में हिमोग्लोबिन का स्तर कम पाये जाने उन्हें आयरन सुक्रो का इंजेक्शन लगाया जाये। इन महिलाओं का प्रसव ब्लड बैंक के आस-पास के अस्पतालों में या लेडी लायल अस्पताल में कराया जाए। उन्होंने कहा कि हर बच्चे व हर मां की जिन्दगी बचाना डाक्टरों का दायित्व है


इन्हें दिया पुरस्कार
जिलाधिकारी ने बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु शिविर लगाने व समुचित ईलाज के निर्देश दिए। इसके साथ ही इन बच्चों के माता-पिता को आवश्यक जानकारी भी दी जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने आशा सीमा द्वारा प्रसूता की अच्छे से देखभाल करने व नवजात शिशु को कब व कितने दिन तक मॉ का दूध पिलाना है आदि से सम्बन्धित जानकारी प्रसूता को ठीक प्रकार से दिये जाने पर प्रशंसा की तथा पुरस्कार स्वरूप 500 रूपये भी दिये।

Published on:
21 Aug 2018 08:46 pm
Also Read
View All