
आगरा। राफेल डील पर कांग्रेस पार्टी भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर हमलावर हो रही है। राहुल गांधी ज्वाइंट पार्लियामेंट कमेटी गठित करने की मांग करते हैं और राफेल डील को अंबानी के हाथों सौंपने पर भाजपा पर बड़े आरोप लगाते हैं। पूर्व थल सेनाध्यक्ष और विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह ने राफेल विमान पर कांग्रेस को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस पार्टी को राफेल डील में भ्रष्टाचार नजर आ रहा है तो अपनी सरकार के समय कम दाम में विमान आखिर क्यों नहीं खरीदे गए।
प्रवेश द्वार का उद्घाटन करने आए मंत्री वीके सिंह
बुधवार को आगरा में केंद्रीय हिंदी संस्थान के नवनिर्मित प्रवेश द्वार मोटूरि सत्यनारायण द्वार के उद्घाटन के लिए विदेश राज्य मंत्री आगरा आए थे। उन्होंने यहां पत्रकारों के जवाब दिए। पत्रकारों के अधिकांश सवालों पर पूर्व जनरल वीके सिंह बचते नजर आए। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में पिछले दिनों हुए कश्मीरी आतंकी और पूर्व एएमयू के शोधार्थी छात्र मन्नान बशीर वानी की मौत के बाद वहां हुए कथित आजादी के नारों के सवाल और छात्रों के निलंबन पर वीके सिंह ने कहा कि उन्होंने पूरी जानकारी नहीं है, इसलिए वे टिप्पणी नहीं करेंगे। वहीं मीटू कैंपेन पर घिरे अपनी ही सरकार के मंत्री और साथी एमजे अकबर के बारे में पूर्व थलसेनाध्यक्ष वीके सिंह बचते नजर आए। उन्होंने कहा कि ये किसी का व्यक्तिगत मामला है।
विदेशी शिक्षक भी आए भारत, दिया सुझाव
उन्होंने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि वे केंद्रीय हिंदी संस्थान शिक्षण मंडल के उपाध्यक्ष डॉ. कमल किशोर गोयंका को सुझाव देना चाहते हैं कि एक्सचेंज कार्यक्रम के तहत विदेशी शिक्षकों को भी संस्थान में शिक्षण के लिए आमंत्रित करना चाहिए। इस मौके पर केंद्रीय हिंदी संस्थान के निदेशक प्रो.नंद किशोर पांडेय, मेयर नवीन जैन, भाजपा विधायक जगन प्रसाद गर्ग, विश्वविद्यालय कुलपति डॉ.अरविंद दीक्षित सहित अन्य लोग मौजूद थे।