उत्तर प्रदेश आगरा के फतेहपुर सीकरी ब्लॉक किरावली में एक किसान ने आत्महत्या कर ली।
आगरा। उत्तर प्रदेश आगरा तहसील किरावली के फतेहपुर सीकरी ब्लॉक में एक किसान ने आत्महत्या कर ली। बारिश के कारण इस किसान की 22 बीघा धान की फसल बर्बाद हो गई। जब किसान आज सुबह अपने खेत पर पहुंचा, तो वो बर्बाद का यह मंजर देख नहीं पाया। किसान घर आया और कमरे में जाकर फंदे पर लटक गया। किसान की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर किरावली तहसीलदार मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यहां का है मामला
ये मामला तहसील किरावली के फतेहपुर सीकरी ब्लॉक के गांव सरसा का है। यहां के रहने वाले किसान रवीन्द्र 31 पुत्र मानिक चंद के हिस्से में डेढ़ बीघा खेत आता है। इसके अलावा उसने 22 बीघा खेत भेज पर लिया हुआ था। इस बार उसने धान की फसल की थी। पिछले वर्ष की खेती में उसे घाटा हुआ था, जिसके कारण उस पर बैंक का काफी कर्ज भी हो गया था। परिवारीजनों ने बताया कि बैंक से भी उसे नोटिस मिल चुका था। इस बार उम्मीद थी, कि बारिश अच्छी होने से धान की फसल अच्छी होगी और सारा कर्ज उतर जाएगा, लेकिन यहां तो बारिश ने किसान पर ऐसा सितम ढ़हाया, कि उसकी सारी मेहनत पर पानी फिर गया।
पानी में बही फसल
परिजनों ने बताया कि आज सुबह रवीन्द्र खेत पर फसल देखने गया था। बारिश अधिक होने के कारण खेत में कटान हो गया और सारी फसल बह गई। बर्बादी का यह मंजर देखकर वह बहुत परेशान हो गया। दोपहर डेढ़ बजे वह घर आया। घर में किसी से कोई बात नहीं की और अपने कमरे में जाकर फंदे पर लटक गया। परिजनों ने जब काफी देर तक कमरे से कोई आवाज नहीं आने पर अंदर जाकर देखा, तो उनके होश उड़ गए। रवीन्द्र के शव को फंदे पर लटका देख, घर में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस आ गई, वहीं तहसीलदार किरावली राजू भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने किसान के शव का पंचनामाभरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आर्थिक स्थिति थी बेहद खराब
परिजनों ने बताया कि रवीन्द्र की आर्थिक स्थित बेहद खराब थी। उसके पास दो पुत्र हैं, बड़े पुत्र का नाम बोबी है, जिसकी उम्र करीब 12 वर्ष है, वहीं छोटे पुत्र का नाम आकाश है, जिसकी उम्र 10 वर्ष है। दोनों बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं, जिनकी दो माह से स्कूल भी फीस भी नहीं गई है। वहीं सूचना पर एसडीएम किरावली गरिमा सिंह मौके पर पहुंच गई। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतक किसान के परिजनों को मदद दिलाने का आश्वासन दिया।