
आगरा। धूमधाम से शादी हुई, दोनों पति पत्नी एक दूसरे के साथ हंसी खुशी से जीवन व्यतीत कर रहे थे, लेकिन उनकी खुशियों को नजर उस दौरान लग गई, जब पति के मोबाइल पर कुछ फोटो आए। ये फोटो करीब छह वर्ष पुराने थे, जिसमें कॉलेज के समय वह अपने मित्र के साथ दिखाई दे रही थी। कुछ फोटो आपत्तिजनक भी थे। ये फोटो देख पति गुस्से से आग बबूला हो गया और उसने पत्नी को तलाक दे दिया। उधर पीड़िता ने अपने पूर्व प्रेमी के खिलाफ थाना एत्मादौला में मुकदमा दर्ज कराया है।
ये है मामला
थाना एत्मादौला के ट्रांस यमुना कॉलोनी का रहने वाला मयंक सिंघल का बिल्डिंग मैटेरियल का व्यवसाय है। बताया गया है कि मयंक ने छह साल पहले मेरठ के इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक किया था। उसके साथ ही एत्माउददौला क्षेत्र की युवती ने भी उसी कॉलेज से बीटेक किया। एक ही कॉलेज में पढ़ने के चलते वे एक दूसरे को जानते थे और दोनों में दोस्ती थी। युवती का आरोप है कि कॉलेज के दौरान ही मयंक ने धोखे से कोल्ड ड्रिंक में नशीली गोलियां मिलाकर उसको पिला दीं और आपत्तिजनक फोटो खींच लीं।
शादी के बाद देता था धमकी
एक वर्ष पूर्व ही युवती का विवाह हो गया, जिसके बाद मयंक ने उससे फिर संपर्क करना शुरू कर दिया। उसके फोटो को वायरल करने की धमकी देकर शरीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। उसने जब मना किया तो धमकी दी, कि वह फोटो वायरल कर देगा, लेकिन युवती ने पति को धोखा देने से इंकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने ये फोटो उसके पति के मोबाइल पर भेज दीं। जब पति ने ये फोटो देखे, तो उसने युवती को तलाक दे दिया। इसके बाद पंचायत भी हुई, जिसमें युवती से मयंक को शादी करने के लिए कहा गया, लेकिन मयंक ने शादी करने से भी साफ इंकार कर दिया।
दर्ज हुई एफआईआर
इसके बाद पीड़ित युवती ने आरोपी मयंक के खिलाफ थाना एत्मादौला में एफआईआर दर्ज कराई है। बताया गया है कि मयंक की भी शादी तय हो चुकी है। 23 अप्रैल को उसकी शादी होनी है।