आगरा

दरवाजे की रस्म पर बुलेट बाइक के लिए अड़ा दूल्हा, दुल्हन ने ऐसे सिखाया सबक

बुलेट की मांग पर अड़ा दूल्हा, पंचायत हुई तो दुल्हन ने कर दिया शादी से मना
2 min read
May 13, 2018
marriage

आगरा। शादियों में दहेज की डिमांड का चलन अभी खत्म नहीं हो रहा है। शादी के दौरान दूल्हे की डिमांड उस समय पूरी बारात पर भारी पड़ गई, जब उसने दरवाजे की रस्म के दौरान बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर डाली। लड़की पक्ष ने इस मांग को पूरा करने के लिए इंकार कर दिया। कई घंटे पंचायत चली तो लड़की ने हिम्मत दिखाई और शादी करने से ही इन्कार कर दिया। बारात बैरंग लौट गई। लड़की की इस हिम्मत की पूरे क्षेत्र में तारीफ हो रही है।

मोटरसाइकिल देखकर दूल्हा उखड़ गया

बीते दिन एत्मादपुर के गांव कुबेरपुर से बरहन के गांव बाडिया में एक बारात आई। बारात चढ़कर दरवाजे पर पहुंची, दरवाजे की रस्म चल रही थी। उसी दौरान अचानक दूल्हे की नजर दहेज में मिलने वाली मोटरसाइकिल पर पड़ी। मोटरसाइकिल देखकर दूल्हा उखड़ गया। दरवाजे की रस्म को बीच में ही छोड़कर उसने लड़की पक्ष से कहा कि उसे बुलेट मोटरसाइकिल चाहिए, ये बाइक नहीं। लड़की पक्ष हैरान रह गया। दूल्हे को मनाने के लिए सभी ने हाथ पैर जोड़े लेकिन, दूल्हा नहीं माना। इसके बाद दोनों पक्षों में हाथापाई तक हो गई। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, तो पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई।

पंचायत के बाद नहीं निकला कोई नतीजा
दोनों पक्षों में पंचायत हुई लेकिन, पंचायत का कोई नतीजा नहीं निकला। पुलिस ने दोनों पक्षों को अपने स्तर से फैसला करने की इजाजत दी। शनिवार को पंचायत का दौर चलता रहा। लेकिन, लड़का पक्ष किसी भी हाल में ये शादी करने को तैयार नहीं हुआ। मारपीट के चलते लड़का पक्ष बोला कि उनकी बेइज्जती हो गई अब यहां रिश्ता नहीं करेंगे। इस पंचायत का कोई नतीजा नहीं निकलता देख लड़की ने भी ठोस कदम उठाया। लड़की ने शादी से इन्कार कर दिया। परिवार भी मानता है कि बेटी के अच्छे के लिए ऐसा हुआ। बेटी लालची घर में जाती तो जिंदगीभर परेशान रहती। ग्रामीणों ने बारातियों के सामने शर्त रखी। जो खर्चा हुआ है वह देना होगा। तभी गांव से जा सकते हैं। इस पर सहमति बन गई। लड़के वाले रुपये देने को तैयार हो गए। दूल्हा और बाराती बिना दुल्हन के वापस चले गए।

Published on:
13 May 2018 08:54 am