तूफान ने एक बार फिर आगरा में जमकर तबाही मचाई है।
आगरा। तूफान ने एक बार फिर आगरा में जमकर तबाही मचाई है। आज दैवीय आपदा से हुई क्षति का जिलाधिकारी द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने घायलों से तथा मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान जिलाधिकारी गौरव दयाल की आंखें भी नम हो गईं।
यहां किया भ्रमण
जिलाधिकारी गौरव दयाल ने 2 मई 2018 को जनपद में आए आंधी, तूफान व वर्षा की दैवीय आपदा में तहसील खेरागढ़ का व्यापक भ्रमण कर तहसील के ग्राम डूंगरवाला के निवासी राजो देवी पत्नी राजवीर व अर्चित पुत्र श्याम अवतार तथा ग्राम कुसियापुर में लौरी देवी पत्नी कुबेर सिंह की पेड़ व दीवार आदि के गिरने से हुई मृत्यु के दृष्टिगत स्थलीय निरीक्षण कर मृतक के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान जिलाधिकारी ने मृतक के परिजनों से वार्ता कर उन्हें जिला प्रशासन द्वारा हर संभव मदद दिये जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने इसी तहसील के ग्राम कुसियापुर में घायल मलखान सिंह पुत्र भूरी सिंह से भेंट कर उनकी हाल चाल लिया तथा शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
यहां भी पहुंचे जिलाधिकारी
इससे पूर्व जिलाधिकारी ने आंधी व तूफान के कारण पेड़ व दीवार आदि गिरने से घायल हुए लोगों से एसएन मेडिकल कालेज व जिला अस्पताल में जाकर मुलाकात की तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि इन्हें ठीक प्रकार से समुचित चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा इन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी न होने पाये।
दिए ये निर्देश
जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे दैवीय आपदा से हुई क्षति एवं जन हानि तथा पशु हानि आदि का आंकलन कराकर विस्तृत आख्या तत्काल उपलब्ध करायें। भ्रमण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अमित पाठक सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें - आगरा में आए तूफान में मरने वालों की संख्या हुई 43, 150 पशुओं की भी मौत
ये भी पढ़ें - आंधी-तूफान के बाद नहीं आ रही बिजली, क्षतिग्रस्त है आपकी लाइन तो इन नंबरों पर दें सूचना