उत्तर प्रदेश के आगरा से एक मामला सामने आया है जहां दुष्कर्म के आरोपी को 5 जूते मारने और 15 हजार रुपए जुर्माने की सजा देकर निपटा दिया गया।
उत्तर प्रदेश के आगरा में लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले युवक को पंच ने फरमान सुनाया। पंचो ने युवक को पांच जूते मारने और 15 हजार का जुर्माना लगाकर पूरा मामला निपटा दिया। सजा पर अमल हुआ और महिला ने लड़के को 5 जूते भी मारे।
भोगीपुरा की रहने वाली लड़की कुछ दिनों पहले घर से गायब हो गई थी। काफी देर तक लड़की घर नहीं लौटी तब परिजनों ने पुलिस से शिकायत की और मोहल्ले के युवक पर आरोप लगाया। पुलिस ने जांच शुरू की तो समाज के लोगों ने कहा कि युवती को खुद बरामद कर लेंगे। 5 घंटे बाद युवती को वापस ले आए।
परिवार के सामने युवती ने कहा कि युवक उसे बहला-फुसलाकर ले गया था। उसे नशे का पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। इस मामले पर समाज के कुछ लोगों ने पंचायत की थी। लड़की पक्ष ने युवक को मारकर अपना गुस्सा शांत किया।
एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी ने बताया कि शिकायत देने के कुछ देर बाद ही परिवार वालों ने शिकायत वापस ले ली थी। पंचायत के बारे में पुलिस के पास अभी कोई जानकारी नहीं है। फिलहाल पुलिस वीडियो की जांच कर रही है। जांच के बाद ही कुछ कार्रवाई की जाएगी।