
आगरा। मार्च के महीने में लक्ष्य पूरा करने के लिए आयकर विभाग की टीमों की दबिश बढ़ गई है। फिरोजाबाद का कांच उद्योग हो या फिर आगरा का जूता उद्योग सभी पर आयकर की टीमें सर्वे कर रही हैं। फिरोजाबाद में बीते दिनों 5.60 करोड़ रुपये की अघोषित आय सरेंडर कराई गई, तो आगरा में छह कंपनियों से करीब 15 करोड़ रुपये सरेंडर कराया गया है। आयकर के सर्वे के चलते कंपनियों में खलबली मची हुई है। आयकर विभाग के पास ऐसे कई बड़े करदाताओं की सूची हैं जिन पर आने वाले दिनों में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।
रियल एस्टेट, फुटवियर और सरार्फा पर जल्द होगी कार्रवाई
31 मार्च तक आयकर विभाग को अपना टारगेट पूरा करना है। इस टारगेट को पूरा करने के लिए आयकर विभाग की टीमें लगातार सर्वे कर रही हैं। आने वाले दस से बारह दिन आयकर विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए कड़ी जद्दोजहद के हैं। वित्तीय वर्ष में टारगेट पूरा करने के लक्ष्य के चलते सभी सेक्टर में सर्वे हो रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि आगरा में मिले बड़े लक्ष्य को पूरा करने में आयकर विभाग के अधिकारियों ने रियल एस्टेट, सरार्फा कारोबारी और बड़े फुटवियर कंपनियों के रिकॉर्ड तलब किए हैं। इन पर सर्वे की कार्रवाई कभी भी की जा सकती है। एक सप्ताह में आगरा की बड़ी कंपनियों से करोड़ों रुपये की रकम को सरेंडर कराया जा सकता है।
फिरोजाबाद कांच उद्योग में मिली हैं खामियां
बता दें कि बीते दिनों फिरोजाबाद में कांच उद्योग पर आयकर का सर्वे हुआ था। ये कार्रवाई करीब 26 घंटे तक चली। जिसमें 16 कांच उद्यमियों पर कार्रवाई हुई थी। इस 26 घंटे के सर्वे में आयकर की टीम को 5.60 करोड़ रुपये सरेंडर हुए थे। वहीं आगरा में हुई कार्रवाई में भी विभिन्न कंपनियों से करीब 15 करोड़ रुपया इसी महीने सरेंडर कराया गया है। सूत्र बताते हैं कि लक्ष्य पूरा करने में अब कुछ ही रकम शेष बची है।