
मथुरा। देश के वन जीव संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए उत्तर प्रदेश वन विभाग एवं जिला प्रशासन के सहयोग से फरह क्षेत्र चुरमुरा में वाइल्डलाइफ एसओएस एलीफेन्ट हॉस्पीटल का पट्टिका अनावरण व फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर मण्डलायुक्त अनिल कुमार ने कहा कि जनपद व क्षेत्रवासियों के लिए बड़े़ गर्व की बात होगी, कि देश का पहला हाथी अस्पताल यहां पर खोला गया है। उन्होंने कहा कि अब यह क्षेत्र ताज व कृष्ण नगरी के साथ-साथ हाथी अस्पताल के लिए भी जाना जायेगा।
ये बोले कमिश्नर
उन्होंने भारत के वनजीव संरक्षण जागरूकता अभियान एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे उद्देश्यों की पूर्ति के लिए 1995 में स्थापित गैरसरकारी संस्था (एनजीओ) एसओएस की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था हाथियों का रेशियो करके अस्पताल में उनका सभी तरह का इलाज करेगी। उन्होंने आगरा एवं मथुरा क्षेत्र में बन्दरों के उत्पात से परेशान जनता की चिंता करते हुए इस संस्था के सहयोग से एक व्यापक कार्ययोजना बनाने की अपेक्षा की, जिससे जनता को बन्दरों से निजात मिल सके।
ये बोले जिलाधिकारी
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में हाथी पूज्य है, किसी भी शुभ कार्य के लिए प्रथम वन्दना विगनहर्ता गणेश जी की जाती है। यह हमारे जनपद व क्षेत्रवासियों को बड़ा हर्ष का विषय है कि हाथियों की चिकित्सा व सेवा हमारी जमीन पर की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान संस्था के फाउण्डर कार्तिक सत्यनारायण एवं गीता शेषमणि ने संस्था का परिचय देते हुए बताया कि 23 वर्षों से बन्द जीव संरक्षण पर कार्य करते हुए देश के 8 राज्यों में भालू संरक्षण केन्द्र खोले गये हैं, जिसमें एक केन्द्र आगरा में खोला गया है।
हाथियों के लिए बेहतरीन चिकित्सा सुविधा
इस अस्पताल में भारत के विभिन्न राज्यों से गंभीर हालात में लाये हुए 20 हाथियों का इलाज किया जा रहा है। यहां इन हाथियों को सामाजिक जीवन की आजादी, अच्छा चारा, बेहतर चिकित्सीय सुविधायें विशेष टीम द्वारा मुहैया कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि भारत वर्ष में नाचने वाले भालूओं की क्रुर परम्परा को पर्यावरण एवं वन मंत्रालय के निर्देशानुसार कुल 620 से भी अधिक भालूओं को नचाने वाले कलन्दर सामुदायिक से बचाकर उनके बाकी जीवन सुरक्षित किया गया है। कार्यक्रम में वन संरक्षण चीफ वसीम अख्तर, नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर क्रान्तिशेखर सिंह, डीएफओ मथुरा, संभल व आगरा सहित कर्नाटक एवं विदेशी अतिथि उपस्थित रहे।