महापौर नवीन जैन ने सभी प्रबुद्ध नागरिकों को "आगरा रत्न" की ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
आगरा। इंडियन सिटीजन कॉउन्सिल के 10 वें स्थापना दिवस के अवसर पर कमला नगर स्थित होटल फेमिली जायका में आगरा के 7 प्रबुद्ध नागरिकों को कॉउन्सिल द्वारा "आगरा रत्न" के शीर्षक से सम्मानित किया गया।
इन्हें मिला सम्मान
इनमें सामजिक भाईचारे एवं एकता के शान्ति दूत के रूप में गुरुद्वारा गुरु का ताल के प्रवक्ता बन्टी ग्रोवर, कॉर्पोरेट कार्य विशेषज्ञ के रूप में देश एवं विदेशों के उद्योगो को लीगल सेवाएं देने वाली कंपनी सेक्रेटरी सीएस रूचि डाबर, कार्डियोलॉजी में नए आयाम स्थापित करने के लिए कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सुवीर गुप्ता, उन्नत जर्मन तकनीक से असाध्य रोगों की सफल चिकित्सा के लिए होम्योपैथिक चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. हेमेन्द्र विक्रम सिंह , समाजसेवी अनिरुद्ध भदौरिया, राष्ट्रीय हिंदी कविता को देश विदेश में पंहुचाने के लिए कवि शशांक प्रभाकर, संत निरंकारी मिशन की जोनल इंचार्ज माता कान्ता महेन्द्रू जी को समाज के विभिन्न क्षेत्रों जैसे स्वच्छ रेल स्वच्छ भारत अभियान, सरकारी अस्पतालों में सफाई अभियान, रक्त दान की प्रेरणा और सत्मार्ग दिखाने में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभायी है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे आगरा शहर के महापौर नवीन जैन ने सभी प्रबुद्ध नागरिकों को "आगरा रत्न" की ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विशिष्ठ अतिथियों के रूप में विधायक जगन प्रसाद गर्ग, समाजसेवी जितेंद्र चौहान, महंत मनकामेश्वर मंदिर योगेश पुरी, आगरा पब्लिक ग्रुप ऑफ़ स्कूल के चेयरमैन महेश चंद्र शर्मा, आदित्य कॉलेज ऑफ़ लॉ के डायरेक्टर वीके गुप्ता आदि ने सभी पुरस्कृत नागरिकों को सम्मानित भी किया।
ये बोले मेयर
इस अवसर पर मुख्य अतिथि और महापौर नवीन जैन ने कहा कि नगर की पहचान उस नगर के नागरिकों के द्वारा किये जाने वाले कर्तव्यों के निर्वाह से होती है, क्षेत्र चाहे कोई भी हो, प्रोफेशन चाहे कोई भी हो, धर्म चाहे कोई भी हो, किन्तु हृदय में एक बड़ी जगह देश भक्ति की भी होनी चाहिए और इसके लिए सबसे प्रथम शुरुआत आपके नगर से ही आप कर पाते हैं। चाहे दुनिया भर के किसी भी कोने में क्यों न रहकर काम करें उससे निश्चित ही आपके नगर को गर्व की अनुभूति होती है। वहीं विशिष्ठ अतिथि जितेंद्र चौहान ने सभी सम्मानित नागरिकों को एक बड़ी जिम्मेदारी का एहसास कराते हुए कहा कि अब आप आगरा रत्न है और आपकी जिम्मेदारियां समाज एवं नगर के प्रति निश्चित ही बढ़ जाएंगी। अपनी ड्यूटी निभाते हुए नगर को गौरान्वित करते रहें।
ये बोले धर्मगुरु
धर्मगुरु महन्त श्री मनकामेश्वर मंदिर योगेश पुरी ने अपने आशीर्वचनों में कहा कि मुझे हर्ष है कि इंडियन सिटीजन कॉउन्सिल ऐसे नागरिकों को समय समय पर सम्मानित करती है जिन लोगों ने शहर का गौरव बढ़ाया है। यह कार्यक्रम प्रेरणा देने वाला है ताकि नागरिकों का मनोबल बढ़ता रहे। वहीं अवार्ड पाने के बाद भावुक हो उठी निरंकारी मिशन की जोनल इंचार्ज माता कान्ता महेन्द्रु नेन अवार्ड को स्वीकारते हुए कहा कि परमपिता परमात्मा ने सभी को अनेकों अनेकों जिम्मेवारियां सौपीं हैं, जीवन व्यस्त हो सकता है किन्तु ठहर नहीं सकता। उसी प्रकार से एक नागरिक की भी अनेकों जिम्मेवारियां होती हैं, चाहे पर्याप्त साधन उपलब्ध हों चाहे न हों, उस व्यक्ति को एक नागरिक के रूप में अपनी ड्यूटी समय से पूरी कर देनी चाहिए।