आगरा

ये 10 करोड़ परिवार बढ़ायेंगे 2019 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सीएम योगी की मुश्किलें

प्रधानमंत्री देश के 10 करोड़ परिवारों और आगरा के आठ लाख परिवार को न्याय नहीं दिला सकते तो इस घुटन भरी जिंदगी से निजात पाने के लिए इच्छामृत्यु की अनुमति दे दें।
2 min read
• •
Updated: 21 Aug 2018, 5:40 PM IST
Feature image

आगरा। संजय प्लेस के शहीद स्मारक पर धरने पर बैठे लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से इच्छामृत्यु की अनुमति मांगी है। अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी कर रहे इन लोगों ने ऐलान किया कि या तो केन्द्र सरकार उनकी मांगों को पूरा करे या फिर उनको इच्छामृत्यु की अनुमति दे। ये सभी लोग ऑल इनवेस्टर सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन के बैनर तले इस धरने में बैठे हैं, जिसमें पल्स ग्रुप व अन्य कंपनियों के सैकड़ों निवेशक शामिल हैं।

10 करोड़ परिवार पैसे के लिए मोहताज
ऑल इनवेस्टर सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन के जिलाध्यक्ष इंदवीर सिंह चाहर का कहना है कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के चलते देशभर के लगभग 10 करोड़ परिवार आज पैसे के लिए मोहताज हैं। इन लोगों के पल्स ग्रुप व अन्य कंपनियों में करोड़ों रुपए फंसे हुए हैं। सिर्फ आगरा की बात करें, तो करीब पांच लाख निवेशक हैं, जिनका लगभग 800 करोड़ रुपए पीएसीएल लिमिटेड कंपनी में फंसा हुआ है। इसी प्रकार अन्य कंपनियां सहित आगरा में लगभग 7-8 लाख निवेशक हैं, जिनका 1200 करोड़ से अधिक रुपया फंसा हुआ है।

वित्तमंत्री भी न कर सके समाधान
इंदवीर सिंह चाहर ने बताया कि इस समस्या को लेकर प्रतिनिधि मंडल तीन बार वित्तमंत्री अरुण जेटली, वित्त राज्यमंत्री सहित सांसदों और विधायकों से मिल चुका है। कई सांसदों ने यह मुद्दा भी उठाया, लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ। निवेशक इसी आस में बैठे हैं कि उनका पैसा कब और कैसे मिलेगा।

दी ये बड़ी चेतावनी
ऑल इनवेस्टर सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन के महासचिव रनवीर चाहर ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आगरा के जनप्रतिनिधि आगरा के आठ लाख परिवारों की समस्या का समाधान कराने में मदद नहीं करेंगे, तो आगामी चुनाव में इसका परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें। निवेशकों ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इसमें कहा गया कि यदि प्रधानमंत्री देश के 10 करोड़ परिवारों और आगरा के आठ लाख परिवार को न्याय नहीं दिला सकते तो इस घुटन भरी जिंदगी से निजात पाने के लिए इच्छामृत्यु की अनुमति दे दें।

Updated on:
21 Aug 2018, 5:40 PM IST
Published on: