चिकित्सकों ने उसका एक्स रे कराया, जिसके बाद उसकी आॅपरेशन किया जाएगा।
आगरा। सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज आगरा में शुक्रवार को एक ऐसा मरीज पहुंचा, जिसके पेट से सरिया आरपार हो गई थी। वह चिकित्सकों के बात कर रहा था। चिकित्सक हैरान थे। चिकित्सकों ने उसका एक्स रे कराया, जिसके बाद उसकी आॅपरेशन किया जाएगा। वहीं इस युवक को जिसने भी देखा, उसका कलेजा कांप गया।
यहां का है मामला
ये मामला थाना न्यू आगरा क्षेत्र के नगला बूढ़ी का है। यहां का रहने वाला कलुआ (28) पुत्र बहादुर सिंह राजमिस्त्री हैं। शुक्रवार को वो रमा कुंज निवासी रविन्द्र कुमार गर्ग के मकान पर निर्माण कार्य कर रहा था। बताया गया है कि इसी दौरान पैर फिसलने के कारण कलुआ छत से गिर गया। नीचे लगी सरिया उसके पेट के पार हो गई। हादसा होते ही वहां चीख-पुकार मच गई। घायल को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
डॉक्टर हैरान
लोगों द्वारा उसे तुरंत ही एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। उसके पेट में सरिया आरपार निकली हुई थी, फिर भी वह पूरी तरह होशोहवास में दिखा और चिकित्सकों से बातचीत भी कर रहा था। चिकित्सकों ने बताया कि घायल का एक्स रे कराया गया है। इससे पता चल सके कि उसके शरीर के अंदरूनी हिस्से में कितना नुकसान हुआ है। इसके बाद आॅपरेशन करके सरिया को बाहर निकाला जाएगा। उधर सूचना के बाद राजमिस्त्री के परिवारीजन भी मौके पर पहुंच गए।