आगरा

भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद जेपी नड्डा यहां करेंगे पहली रैली, भीड़ जुटाने को संगठन ने झोंकी ताकत

-20 स्वागत द्वार होंगे।-रैली को सफल बनाने के लिए अलग-अलग 26 व्यवस्था प्रमुख बनाए गए हैं।

2 min read
Jan 21, 2020
Feature image

आगरा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्य़क्ष बनने के बाद जेपी नड्डा उत्तर प्रदेश के शहर आगरा में पहली रैली संबोधित करेंगे। शहर के कोठी मीना बाजार फील्ड में नागरिकता संशोधन कानून CAA के समर्थन में जोपी नड्डा 23 जनवरी को रैली संबोधित करेंगे। जेपी नड्डा के साथ प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रशाद मौर्य भी आएंगे, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी आने की संभावना है।

26 व्यवस्था प्रमुख

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की पहली जनसभा में भीड़ जुटाने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। संगठन के हर छोटे बड़े कार्यकर्ताओं को रैली की जिम्मेजारी दी गई है। पांच जिलों के 19 विधानसभा क्षेत्रों से भीड़ जुटाई जाएगी। जिले, महानगर से लेकर वार्ड स्तर तक संपर्क प्रमुख बनाए गए हैं, जो जनता के बीच जाकर रैली के लिए संपर्क कर रहे हैं। इसके साथ ही वार्ड पालक बनाए गए हैं। जो वार्ड में जाकर लोगों को सीएए के प्रति लोगों को जागरुक कर रहे हैं। रैली को सफल बनाने के लिए अलग-अलग 26 संपर्क प्रमुख बनाए गए हैं। व्यापारियों से संपर्क, विभिन्न संस्थाओं से संपर्क, मंदिर मठ प्रमुखों से संपर्क, वकीलों, प्रबुद्धजनों से संपर्क, चिकित्सकों से संपर्क, मजदूर यूनियन से संपर्क, किसानों के संगठन से संपर्क, ऑटो रिक्शा संचालकों से संपर्क, सामाजिक समरसता के आधार पर संपर्क की जिम्मेदारी दी गई है।

20 स्वागत द्वार

भाजपा के महानगर अध्यक्ष भानु महाजन ने बताया कि रैली के लिए इनर रिंग रोड से कोठी मीना बाजार तक भाजपा के झंडे लगाए जाएंगे और स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। 20 स्वागत द्वारों पर नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में भाजपा के नेताओं के बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए जाएंगे।

पार्किंग व्यवस्था
बाह, फतेहाबाद, खेरागढ़, हाथरस, अलीगढ़, फिरोजाबाद, की ओर से आने वाली बसों की पार्किंग जीआईसी मैदान व आगरा कालेज मैदान पर होगी। मथुरा, फतेहपुर सीकरी की ओर से आने वाले वाहों की पार्किंग साकेत कॉलोनी व शिवाजी नगर में होगी।

Published on:
21 Jan 2020 06:54 pm