लेखपाल मर्डर केस में पुलिस ने आज घटनास्थल का निरीक्षण किया।
आगरा। न्यू दक्षिणी बाईपास मनकेड़ा पुल के नीचे गुरूवार देर रात को बदमाशों ने लेखपाल की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी, जबकि एक गोली उनके साथी को भी लगी थी। आक्रोशित ग्रामीणों ने न्यू दक्षिणी बाईपास को जाम कर दिया। अधिकारियों के कहने पर दो घंटे बाद जाम को खोला गया। इस मामले में बड़ते आक्रोश को देखते हुए पुलिस घटना के खुलासे के लिए जुट गई है। पुलिस ने शुक्रवार को घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, तो पुलिस के हाथ मौके से 32 दांत लगे।
यहां पढ़ें पूरी घटना -
ये था मामला
थाना मलपुरा के गांव नगला कारे निवासी रमेश पुत्र दुर्गसिंह खेरागढ़ तहसील में लेखपाल थे। वे गांव के निवासी खचेर सिंह के साथ गुरूवार रात लेखपालों की हड़ताल में से अपनी बाइक से न्यू दक्षिणी बाईपास रोड से होकर घर लौट रहे थे। रास्ते में मनकेड़ा पुल के नीचे दिल्ली नंबर की काली पल्सर सवार तीन बदमाशों ने धौलपुर जाने का रास्ता पूछने के बहाने से लेखपाल को रूकवा लिया था। लेखपाल के बाइक रोकते ही तीनों बदमाशों ने अंधाधुंध तीन फायर कर दिए, जिसमें दो गोली लेखपाल तथा एक गोली खचेर सिंह के हाथ में लगी। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ को आता देख बदमाश अपनी बाइक को वहीं पर छोड़कर भाग गए थे।
लेखपाल संघ में आक्रोश
इस घटना को लेकर लेखपाल संघ ने में आक्रोश है। उन्होंने अनिश्चित कालीन धरने का ऐलान कर दिया है। लेखपालों ने कहा है कि जब तक हत्या का खुलासा नहीं होता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। इसे लेकर पुलिस महकमे में हडकंप मचा हुआ है।
मौके से पुलिस को ये हुआ बरामद
मलपुरा पुलिस ने शुक्रवार दोपहर 12 बजे घटना स्थल पर पहुंचकर मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके से लेखपाल के मुंह में लगी बत्तीसी मिली है। जो कि मुंह में गोली लगने से निकल कर बाहर आ गई थी। इसके अलावा पुलिस को मौके से दो खाली कारतूस मिले है। वहीं क्षेत्रीय लोगो में मलपुरा के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। एसओ मलपुरा रमेश भारद्धाज ने बताया है कि पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। जल्द ही घटना का खुलासा हो जाएगा।