
आगरा. अभी तक लॉकडाउन ने आम जनजीवन को प्रभावित किया था, लेकिन अब इससे मृतकों की अंतिम संस्कार की प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है। लोग अपनों को खोने के बाद उनका दाह संस्कार भी पूरी प्रक्रिया के साथ नहीं कर पा रहे हैं। इसका कारण है कि मोक्षधाम में सामग्री की कमी होने लगी है। किसी को लकड़ी नहीं मिल पा रही तो किसी को कफन, यहां तक कि कब्रों के लिए पत्थरों की भी कमी होने लगी है। लिहाजा लोग मजबूरन अपनों का विद्युत दाह संस्कार कर रहे हैं।
दोगुने हुए विद्युत दाह संस्कार
जानकारी के मुताबिक एक अप्रैल से लेकर दस अप्रैल तक विद्युत शवदाह गृह पर करीब 100 संस्कार किए गए। ये संख्या आमतौर पर अन्य महीनों में होने वाले अंतिम संस्कारों की संख्या की तुलना में दोगुनी है। विद्युत शवदाह गृह प्रभारी संजीव गुप्ता का कहना है कि अन्य मोक्षधामों पर अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी नहीं मिल पा रही है, इस कारण विद्युत दाह संस्कार की संख्या काफी बढ़ गई है।
बाजार न खुलने के कारण आ रही समस्या
ताजगंज मोक्षधाम पर शवदाह के लिए लकड़ी का इंतजाम करने वाले राजकुमार जैन का कहना है कि इस समय सिर्फ 10 से 15 दिनों की लकड़ी का स्टॉक बचा है। गोदाम की क्षमता 15000 क्विंटल लकड़ी की है, लेकिन सिर्फ 300 क्विंटल लकड़ी शेष रह गई है। आमतौर पर एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार के लिए 4 क्विंटल लकड़ी लग जाती है।
वहीं बल्केश्वर मोक्षधाम के मैनेजर कोमल सिंह का करना है कि बाजार बंद होने के कारण व्यापारी माल नहीं ला रहे हैं, इस कारण कफन के लिए कपड़ा नहीं मिल रहा है। अर्थी के लिए बांस, सुतली, घी, धोती आदि की भी कमी हो गई है। अबुलउल्लाह दरगाह के पास कर्बला में कब्र खोदने वाले शाहबुद्दीन के मुताबिक 40 साल में ऐसा पहली बार हुआ है कि कब्र के लिए पत्थर नहीं मिल रहे हैं। वहीं पचकुइयां कब्रिस्तान में जनाजे पर चढ़ाने के लिए इत्र, कपूर, संदल आदि नहीं मिल पा रहा है, कफन भी नहीं हैं।