आगरा

चली गई सपा जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी, अविश्वास प्रस्ताव पारित

सपा जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित, 36 सदस्यों ने किया अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान
2 min read
• •
Updated: 26 Sep 2017, 3:35 PM IST
samajwadi party
kushal yadav

आगरा। जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी के तख्ता पलट के लिए लाया गया अविश्वास प्रस्ताव मंगलवार को पारित हो गया। जिला पंचायत भवन पर हुई बैठक में हुए मतदान में वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ 15 सदस्यों ने भाग नहीं लिया। मौके पर पहुंचे 36 सदस्यों ने गुप्त मतदान किया, जिसमें सभी ने वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष कुशल यादव के खिलाफ मत दिया। इसके आधार पर अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया। आखिरकार जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी चली गई।

तख्ता पलट के लिए चली लंबी जद्दोजहद
जिला पंचायत अध्यक्ष कुशल यादव को कुर्सी से हटाने के लिए भाजपा समर्थित प्रबल प्रताप ने मोर्चा खोला था। प्रबल प्रताप अपने समर्थित पंचायत सदस्यों के साथ जिला पंचायत भवन पर पहुंचे। गौरतलब है कि पहले 32 पंचायत सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव के लिए पत्र पर हस्ताक्षर किए थे। जिसके बाद आज का दिन तय किया गया था। नामित अधिकारी के समक्ष सबसे पहले मीटिंग की गई। जिसमें वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष मौजूद नहीं रहे। वहीं पंद्रह पंचायत सदस्य पूरे प्रकरण से गायब रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष कुशल यादव पूरे प्रकरण से नदारद दिखीं।

तीन घंटे चली लंबी प्रक्रिया
जिला पंचायत भवन पर सुबह से ही भारी संख्या में पुलिस प्रशासन की तैनाती की गई थी। सिर्फ पंचायत सदस्यों को ही अंदर एंट्री दी गई। भाजपा समर्थित पंचायत सदस्य प्रबल प्रताप ने जिन 32 सदस्यों के हस्ताक्षर के अविश्वास प्रस्ताव पेश करने के शपथ पत्र सौंपे थे। वे पंचायत भवन पहुंचे। वहीं कुशल यादव के समर्थन में जो पंचायत सदस्य थे वे आए ही नहीं। वहीं सपा जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि और उनके पति राजपाल यादव पल पल का हाल लेते रहे। पंचायत भवन में अपर जिला जज भूपेंद्र राय को बैठक के लिए नामित किया गया था। जब सदस्य पहुंचे, तो उन्होंने मीटिंग की कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने बताया कि मीटिंग में सदस्यों ने किसी भी चर्चा के लिए साफ इंकार कर दिया। सदस्यों ने वोटिंग की मांग की, जिसके बाद पीठासीन अधिकारी ने वोटिंग कराई। इस वोटिंग में मौजूद 36 सदस्यों ने वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष कुशल यादव के खिलाफ अपना मत दिया। जब काउंटिंग की गई, तो वहां मौजूद सभी 36 सदस्यों के वोट वर्तमान अध्यक्ष के खिलाफ थे। इसके बाद अधिकारियों ने अविश्वास प्रस्ताव के पारित होने पर मुहर लगाई। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत आगरा प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि 36 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया है। जिसके चलते कुशल यादव अब 27 सितंबर से जिला पंचायत अध्यक्ष नहीं रहेंगीं। शासन और राज्य निर्वाचन आयोग को इस मतदान और अविश्वास प्रस्ताव की पूरी जानकारी भेजी जा रही है।

Published on: