आगरा

ताजमहल के शहर आगरा को गंदा कहने वाले केंद्रीय राज्य पर्यटन मंत्री को मेयर ने दिया ये बड़ा जवाब

केंद्रीय राज्य पर्यटन मंत्री के केजे अल्फोंस ने आगरा शहर के लिए जो टिप्पणी की है, उस कथन का आगरा के महापौर नवीन जैन ने प्रतिवाद किया है।

2 min read
Sep 22, 2018
Slum is agra

आगरा। केंद्रीय राज्य पर्यटन मंत्री के केजे अल्फोंस ने आगरा शहर के लिए जो टिप्पणी की है, उस कथन का आगरा के महापौर नवीन जैन ने प्रतिवाद किया है। महापौर नवीन जैन का कहना कि शहर के एक ही रूट पर तीन किलो मीटर चलने के अनुभव के आधार पर आप पूरे शहर को गंदा शहर घोषित नहीं कर सकते हैं। पर्यटन मंत्री के महत्वपूर्ण पद पर रहते हुए आपने आगरा शहर को स्लम कहकर आगरावासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है, तो मोहब्बत की नगरी आगरा में पर्यटन की व्याप्त असीम संभावनाओं पर रोक लगाने का काम किया है जिसे आगरा की जनता स्वीकार नहीं करेगी।

ये बोले मेयर
मेयर ने कहा कि आगरा शहर का अधिकतर क्षेत्र टीटीजेड परिधि में आता है। जिसके कारण शहर के सुधार और विकास के लिए, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पर्यावरण विभाग, और सर्वोच्च न्यायलय तक कवायदे करनी पड़ती है। जिसमे अनावश्यक समय की बर्बादी हो जाती है और शहर के विकास के लिए बनाई गई योजनाओं को भी मंजूरी मिलने में महीनों लग जाते हैं। मेयर ने कहा कि आप भारत सरकार के पर्यटन मंत्री हैं। आपको ज्ञात होगा कि भारत सरकार के 2017 -18 के स्वच्छ्ता सर्वेक्षण में आगरा शहर ने 265 से 102 वी रैंक हासिल की। यह रैंक भारत सरकार के मानकों जिसमें शहर की विकासगति, और बेहतर सफाई व्यवस्था, पर ही मिली थी और इस उपलब्धि को आप झुठला नहीं सकते हैं। 2017 - 18 के ही स्वच्छता सर्वेक्षण में आगरा को यूपी का चौथा स्वच्छ शहर घोषित किया था, जिसे आपको ध्यान में रखना होगा।

पर्यटन मंत्री के कार्यों पर उठाये सवाल
मेयर ने कहा कि जब आप डीडीए के आयुक्त थे तो सभी को मालूम है कि आप ने सिर्फ नई दिल्ली का ही विकास किया। पुरानी दिल्ली में उस समय की क्या स्थिति थी यह सभी को मालूम है। महापौर नवीन जैन ने साफ कहा है कि केंद्रीय राज्य पर्यटन मंत्री मुझे अभी महापौर का पद संभाले हुए 8 माह का समय हुआ है। 8 माह के कार्यकाल में आगरा शहर को स्वच्छ बनाने के लिए कई अभियान चलाए गए जो अभी भी चल रहे हैं। मेयर ने कहा कि पर्यटन मंत्री जी आगरा शहर को गंदा शहर का नाम देकर ऐसा लगता है कि आप उन लोगों से मिले हुए हैं जो आगरा में पर्यटन के व्यवसाय को चौपट करने में लगे हुए हैं और शहर को पर्यटन नगरी के लिए चल रहे प्रयासों में रोड़ा अटका रहे हैं। आप के इस बयान से शहरवासी और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोग बहुत आहत हुए हैं।

Published on:
22 Sept 2018 07:12 pm
Also Read
View All

अगली खबर