
आगरा।आगराजगनेर रोड स्थित धनौली में 7 दिन पहले घर के बाहर खेल रहा बच्चा गायब हो गया था। परिजनों ने इसकी शिकायत थाना मलपुरा में की। गुमशुदगी के 7 दिन बाद भी पुलिस किशोर का कोई सुराग नहीं लगा पाई है, जिसके कारण क्षेत्रीय लोगों तथा परिजनों में पुलिस के खिलाफ रोष व्याप्त है। परिजनो का रो रोकर बुरा हाल है। उन्होने अनहोनी की आशंका जताई है। घर में सन्नाटा पसरा हुआ है।
यहां का मामला
थाना मलपुरा के धनौली निवासी सूरज पुत्र श्रीराम कक्षा 1 में पढता है। किशोर के पिता धनौली में ही छोले भटूरे की ठेल लगाते हैं। सूरज 3 दिसम्बर दिन रविवार सुबह 11 बजे अपने घर के बाहर खेल रहा था। तभी वह अचानक गायब हो गया। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। इस पर परिजन थाना मलपुरा पहुंच गए। उन्होने वहां पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन घटना के 7 दिन बाद भी मलपुरा पुलिस कोई सुराग तक नही लगा पाई है, जिसके चलते क्षेत्रीय लोगों तथा परिजनो में पुलिस के खिलाफ रोष व्याप्त है।
एसएसपी से मिलेंगे परिजन
परिजनों ने मलपुरा पुलिस की कार्यप्राणली पर सवाल उठा दिए हैं। उनका आरोप है कि पुलिस हाथ पर हाथ रख कर बैठी है। पुलिस इस प्रकरण को गम्भीरता से नहीं ले रही है, जिसके चलते वे इस मामले में एसएसपी आगरा से मिलेंगे और बच्चे को तलाश करने की गुहार लगाएंगे। परिजनों ने बताया है कि उन्होने सूरज को आगरा के अनाथ आश्रम तथा अन्य जगह तलाश किया है, लेकिन उन्हे वह नहीं मिला है, जिसके चलते परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। उन्होने किशोर के साथ अनहोनी की आंशका जताई है। 7 दिन से घर में चूल्हा नहीं सुलगा है। घर में सन्नाटा पसरा हुआ है। एसओ मलपुरा रमेश भारद्धाज ने बताया है कि मामला अपहरण का नहीं है। किशोर के पिता ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस किशोर की तलाश कर रही है।