आगरा

UP Weather Update: यूपी के इन 6 जिलों में अगले 24 घंटे भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी

Monsoon 2021 : आंचलिक मौसम विभाग केंद्र ने यूपी के आगरा, मथुरा, अलीगढ़, फिराेजाबाद, हाथरस और झांसी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की।
2 min read
Aug 04, 2021
heavy-rain-warning.jpg

आगरा. Monsoon 2021 : ब्रज क्षेत्र लगातार हो रही बारिश से यमुना नदी उफान पर हैं, जिसके चलते नदी से सटे गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। इधर आंचलिक मौसम विभाग केंद्र ने यूपी के कई जिलों में भारी बारिश (Heavy Rain) की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार, पांच अगस्त तक इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में आगरा, मथुरा, अलीगढ़, फिराेजाबाद, हाथरस और झांसी शामिल हैं।

बता दें कि लगातार बारिश और गोकुल बैराज से करीब 46 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद से यमुना नदी उफान पर बह रही है। जलस्तर बढ़ने से यमुना किनारे किसानों के खेत जलमग्न हो चुके हैं। यमुना फिलहाल खतरे के निशान के आसपास बह रही है। इस साल जलस्तर 491.4 फीट तक पहुंच चुका है, जो सर्वाधिक है। गोकुल बैराज से पानी छोड़े जाने और लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए टीमों को अलर्ट कर दिया है।

तापमान सामान्य से 5 डिग्री नीचे

ताजनगरी में लगातार हो रही बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है। तापमान सामान्य से नीचे आने से लोगों को उमस भरी गर्मी से भी राहत मिली है। दिनभर बादलों और सूरज के बीच लुकाछिपी का खेल जारी है। फिलहाल तापमान सामान्य से 5 डिग्री नीचे चल रहा है। आगरा का अधिकतम तापमान 30 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है।

आबोहवा में भी सुधार

आगरा में वायु गुणवत्ता बहुत अच्छी रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 33 रहा, हालांकि सोमवार को 28 दर्ज किया गया था। बारिश के कारण प्रदूषण का स्तर घटने से यह सुधार हुआ है। शहर के सेक्टर तीन-बी आवास विकास कालोनी, संजय प्लेस, मनोहरपुर दयालबाग, शास्त्रीपुरम और रोहता में वायु गुणवत्ता अच्छी और संतोषजनक में दर्ज की जा रही है।

Published on:
04 Aug 2021 10:00 am