अखिलेश यादव के प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में गए तीन सौ सक्रिय कार्यकर्ता
आगरा। अखिलेश के सम्मेलन ने सपाईयों में नई जान फूंक दी है। आगरा से सम्मेलन में हिस्सा बने तीन सौ सक्रिय कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार हुआ है। एक तरफ जहां प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व फिर से नरेश उत्तम को सौंपा है, उससे सपाई उत्साहित हैं, तो आगरा के पांच अक्टूबर को होने वाले सम्मेलन के लिए भी जुट गए हैं। लेकिन अब पत्ते खुलने की बारी आ गई है। इसका कारण है कि सपा संरक्षक मुलायम सिंह अब 25 सितंबर को प्रेसवार्ता कर रहे हैं। ऐसे में जो कार्यकर्ता मुलायम सिंह यादव के बुलावे पर लखनऊ जाएंगे, उन्होंने अब अपने पत्ते खोलने पड़ेंगे।
समर्थक होंगे मुलायम सिंह के साथ
पत्रिका टीम ने कुछ समाजवादी पदाधिकारियों से बातचीत की। उनसे पूछा कि क्या मुलायम सिंह के बुलाने पर वे लखनउ जाएंगे। तो नेताओं को कोई जवाब नहीं सूझा। असमंजस की स्थिति में दिखाई दिए। वहीं नितिन कोहली ने बताया कि वे 25 सितंबर को बेताबी से इंतजार कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह ही सपा के सूत्रधार हैं। उन्होंने ही पार्टी को खड़ा किया है। यदि वे नई पार्टी बनाते हैं, तो उनके समर्थक मुलायम सिंह यादव के साथ खड़े होंगे। वहीं लखनऊ गए सक्रिय कार्यकर्ता अब आगरा के लिए लौट रहे हैं।
शिवपाल ने बनाया है मोर्चा
गौरतलब है कि विधायक शिवपाल सिंह यादव ने सेकुलर्र मोर्चा का गठन किया है। शिवपाल यादव जब आगरा आए थे, तो उन्होंने कहा था कि इस मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव होंगे। मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में वे आगे की रणनीति बनाएंगे। इस कदम के बाद अब एक बार फिर से शिवपाल समर्थक और अखिलेश यादव समर्थक आमने सामने आ गए हैं।
अब तक किसी ने नहीं खोले थे पत्ते
गौरतलब है कि परिवार की रार के चलते अभी तक कोई भी खुलकर सामने नहीं आ रहा था। लेकिन 25 के बाद यदि मुलायम सिंह यादव दूसरी पार्टी का ऐलान करते हैं, तो कार्यकर्ताओं को एक ओर जाना होगा। अब वे किस तरफ जाएंगे, अभी बोल नहीं रहे हैं। लेकिन दबी जुबान से ये भी मान रहे हैं कि मुलायम सिंह के बुलाने पर वे मना नहीं कर सकते हैं।