
आगरा। समाजवादी पार्टी में चल रहा घमासान अभी तक किसी अंजाम पर नहीं पहुंच सका है। अखिलेश यादव ने प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में कहा था कि मुलायम सिंह उनके पिता है और पार्टी के संरक्षक है। उनका आशीर्वाद पार्टी पर है। ऐसे में शिवपाल समर्थक और अखिलेश समर्थकों में एक बार फिर से असमंजस की स्थिति पैदा हो गई। पहले माना जा रहा था कि नेताजी यानि मुलायम सिंह यादव आज लोहिया ट्रस्ट की बैठक में नई पार्टी के गठन का ऐलान कर सकते हैं। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसबीच उन्होंने एक बड़ा एलान किया जिससे पार्टी में एक बार फिर से परिवारवाद का मुद्दा गरमा गया है।
मुलायम बोले नहीं जाएंगे
राष्ट्रीय अधिवेशन में मुलायम सिंह आगरा नहीं आएंगे। इससे उनके समर्थकों में मायूसी छा गई है। लोहिया ट्रस्ट की बैठक में पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुलायम सिंह ने स्पष्ट कहा कि शिवपाल सिंह राष्ट्रीय अधिवेशन में जाएंगे ये उन्हें नहीं पता लेकिन वे राष्ट्रीय अधिवेशन में भाग नहीं लेंगे। गौरतलब है कि आगरा में पांच अक्टूबर को एक दिनी राष्ट्रीय अधिवेशन होना है। इसके लिए बड़ी तैयारियां हो रही हैं।
अधिवेशन में उनका आशीर्वाद
आगरा से पहुंचे मुलायम सिंह के समर्थकों में इस बात को लेकर अब तक चले आ रहे सभी असमंजस खत्म हो गए हैं। आगरा में राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियां कर रहे पार्टी पदाधिकारियों ने इस संबंध में पत्रिका टीम ने बात की। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष रामसहाय यादव ने कहा कि पार्टी के साथ संरक्षक के तौर पर उनका आशीर्वाद है। वे राष्ट्रीय अधिवेशन में नहीं आएंगे, लेकिन इस अधिवेशन में उनका आशीर्वाद है, जिससे अधिवेशन सफल होगा।
पहले पोस्टर विवाद पर भी गरमाया था मुद्दा
इससे पहले राष्ट्रीय अधिवेशन में जारी किए गए पोस्टर भी विवाद की स्थिति में रहे थे। मुलायम सिंह को जगह नहीं दी गई थी। लेकिन, बाद में प्रदेश अध्यक्ष ने नए प्रारूप भेजे, जिसमें मुलायम सिंह यादव के लिए स्थान दिया गया था। प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में जब अखिलेश यादव ने कहा था कि बनावटी यानि नकली समाजवादियों से बचने की जरूरत हैं ऐसे में जो शिवपाल के समर्थक हैं, वे अभी भी अपना रूख स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैंं।