
आगरा। इन दिनों लोगों के जीवन में इतनी व्यस्तता है कि उन्हें खुद के लिए भी समय नहीं मिलता। ऐसे में शॉपिंग वेबसाइट्स लोगों के लिए बड़ा सहारा हैं। घर बैठे कुछ भी आॅर्डर करो और सामान आपके घर में पहुंच जाएगा। अगर आपकी भी कुछ ऐसी ही दिनचर्या है और आप भी आॅनलाइन शॉपिंग करते हैं तो थोड़ा सावधान रहें। शॉपिंग वेबसाइट्स के नाम पर आजकल तमाम फर्जी मामले सामने आ रहे हैं। कुछ ठग नामी शॉपिंग वेबसाइट्स के नाम पर ग्राहक को लकी ड्रॉ का मैसेज भेजते हैं। मैसेज में किसी बड़े उपहार का प्रलोभन दिया जाता है और फिर कुछ फीसदी कीमत मांगकर ठगी की जाती है। ताजा मामला आगरा में सामने आया है।
महिंद्रा xuv 500 का लालच देकर ठगी की कोशिश
गौरी शंकर कुमावत जो मूलरूप से राजस्थान के झुंझनू के रहने वाले हैं। वे वर्तमान में राजस्थान पत्रिका के आगरा कार्यालय में काम कर रहे हैं। हाल ही उन्होंने शॉपिंग वेबसाइट shopclues.com से खरीददारी की थी। उनका कहना है कि वे अब तक दो बार इस वेबसाइट से खरीददारी कर चुके हैं। हाल ही तीसरा आॅर्डर किया है। आजतक किसी तरह की समस्या नहीं आयी। लेकिन 25 मई 2018 को उनके मोबाइल पर इस shopclues.com वेबसाइट के नाम से एक मैसेज आया। मैसेज में लकी ड्रॉ के जरिए महिंद्रा xuv 500 जीतने की बात कही गई थी, जिसकी कीमत करीब साढ़े बारह लाख रुपए है। एक आम आदमी इस मैसेज पर विश्वास कर भी सकता है क्योंकि वो पहले वेबसाइट की बेहतर सेवाएं ले चुका है और वेबसाइट को प्रामाणिक मानता है।
लेकिन मीडिया जगत से जुड़े होने के कारण गौरी शंकर को ऐसे मैसेज पर संदेह हुआ। उन्होंने मैसेज में दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो वहां से उन्हें महिंद्रा xuv 500 जीतने की बात स्वीकारी गई। जब गौरी शंकर ने उनसे किसी भी तरह के लेन देन के बारे में पूछा तो उनसे गाड़ी की कीमत का एक फीसदी यानी 12,800 रुपए कंपनी के जीएम के अकाउंट में जमा करने के लिए कहा गया। साथ ही आधार नंबर मांगा गया। जीएम के अकाउंट में रुपए जमा करने की बात गौरी शंकर को खटक गई। इसके बाद गौरी शंकर के पास उस नंबर से एक के बाद एक कई कॉल आए जिसमें बार बार उनसे रुपए जमा कराने और आधार नंबर भेजने के लिए कहा जा रहा था।
गौरी का मानना है कि जिसका इनाम निकले उत्सुकता उसको होनी चाहिए, लेकिन बार बार कंपनी से उन्हें फोन आ रहा था तो वे हैरान थे। उनको ये मामला संदेहपूर्ण लगा लिहाजा उन्होंने बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया और डीजीपी यूपी ओपी सिंह को पत्रिका यूपी के ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर मामले की शिकायत की। साथ ही उनको dgpcontrol-up@nic.in मेल आईडी पर पूरी बात लिखकर मैसेज का स्क्रीनशॉट और आॅडियो क्लिप्स भी भेजे। हालांकि अब तक पुलिस की ओर से गौरी के पास पूछताछ के लिए फोन आदि नहीं आया है। लेकिन शॉपिंग वेबसाइट shopclues.com की ओर से एक मेल जरूर आया है जिसके डिसक्लेमर में साफतौर पर लिखा है कि हम आपसे किसी भी बैंक अकाउंट में किसी भी गिफ्ट या लॉटरी के बदले में रुपए जमा करने के लिए कभी नहीं कहेंगे। अगर ऐसा कोई मामला सामने आता है तो तुरंत phishing@shopclues.com पर या 01244414888 पर शिकायत करें। इससे साफतौर पर जाहिर होता है कि महिंद्रा xuv 500 का मैसेज वेबसाइट की ओर से नहीं बल्कि किसी ठग की ओर से भेजा गया है और वो पूरी तरह फर्जी है।