आगरा

दीपावली पर कठेरिया के इस ऐलान से भाजपा में खलबली, देखें वीडियो

आगरा सीट से लोकसभा चुनाव 2019 लड़ने की तैयारी
2 min read
Nov 06, 2018
Prabhu dayal
Prabhu dayal

आगरा। फिरोजाबाद के तीन बार सांसद रहे भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रभुदयाल कठेरिया ने दीपावली के मौके पर बड़ा ऐलान किया है। इससे भारतीय जनता पार्टी में खलबली सी मच गई है। उन्होंने सीधे-सीधे आगरा लोकसभा सीट से टिकट की दावेदारी की है। साफ शब्दों में कहा कि वे 2019 में लोकसभा चुनाव लड़ने की व्यापक तैयारी कर रहे हैं। जो होगा, देखा जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं।

जागरूक कार्यकर्ता, इसीलिए टिकट मांगा
पत्रकार वार्ता में लोकसभा चुनाव 2019 के बारे में पूछे जाने पर प्रभुदयाल कठेरिया ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को टिकट मांगने का अधिकार है। मैंने भी आगरा लोकसभा सीट से टिकट मांगा है। मैंने पूरी तैयारी की है। एक-एक सीट से तीन-चार प्रत्याशी टिकट मांगते हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या वर्तमान सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया को उखाड़ फेंकना है, प्रभुदयाल कठेरिया ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है, लेकिन मैं जागरूक कार्यकर्ता हूं। 18-20 साल में या तो जनता, जनप्रतिनिधि को भूल जाती है या जनप्रतिनिधि, जनता को भूल जाता है। मेरी सक्रियता में कोई कमी नहीं है। प्रभुदयाल कठेरिया ने क्षेत्र नहीं छोड़ा है। इसी कारण मैंने टिकट मांगा है।

उत्तर प्रदेश में कहीं से भी टिकट दे पार्टी
लोकसभा चुनाव 2019 की योजना के संबंध में कहा कि मुझे अपनी पार्टी पर पूरा भरोसा है। पार्टी उत्तर प्रदेश में जहां से चाहे, वहां से टिकट दे दे। आगरा में तो तैयारी पूरी है ही। फिरोजाबाद सीट सामान्य हो जाने से कारण आगरा से दावा किया है। यह कहे जाने पर क्या आप सीधे-सीधे सांसद डॉ. कठेरिया को चुनौती नहीं दे रहे हैं, उन्होंने कहा कि नहीं। मैंने तो टिकट मांगा है। यह कहे जाने पर जिसने भी आगरा से टिकट मांगा, उसका सफाया हो गया है, प्रभुदयाल कठेरिया ने मुस्कराते हुए कहा कि देखते हैं क्या होता है।

हमारी पार्टी में अलग व्यवस्था
सुनील शास्त्री के बयान के संबंध में कहा कि वे आगरा में आए थे। उन्होंने कहा था कि अगर पार्टी ने मुझसे पूछा तो मैं प्रभुदयाल कठेरिया की आगरा सीट से टिकट दिलाने में मदद करूंगा। इसे इस तरह से प्रचारित किया गया कि जैसे कि आगरा से टिकट मिल गया है। भाजपा में कोई कह नहीं सकता कि टिकट मिल जाएगा। हमारी पार्टी में अलग व्यवस्था है। यह कहे जाने पर क्या पार्टी में ऊपर सेटिंग है, उन्होंने कहा कि ऊपर नीचे दोनों मेरे लिए बराबर हैं। टिकट न मिली तो क्या करेंगे, सवाल पर कहा कि ऐसा तो मैंने कहा ही नहीं है कि टिकट नहीं मिलेगा।

हर कोई चाहता है राम मंदिर बने
राम मंदिर के सवाल पर कह कि यह आस्था का प्रश्न है। सबकी राम मंदिर में आस्था है। हर कोई चाहता है कि मंदिर वहां बनना चाहिए। हमारी सुप्रीम पॉवर तय करेगी कि राम मंदिर कब बनेगा। श्रीराम की मूर्ति के बारे में पूछे जाने पर कहा कि हमारी पार्टी ने जो निर्णय किया है, वह सही है। इस मौके पर अरुणकांत कठेरिया एडवोकेट और बॉबी शर्मा आदि मौजूद थे।

Updated on:
06 Nov 2018 05:30 pm
Published on:
06 Nov 2018 05:30 pm