
सिकंदरा। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क और सुगम यातायात के दावे जिले की जर्जर सड़कों पर दम तोड़ते नजर आ रहे हैं। सिकंदरा, दौसा और सिकराय पीडब्ल्यूडी खंड के अधीन कई प्रमुख व संपर्क मार्गों पर गड्ढों और उखड़ी सड़क के कारण ग्रामीणों तथा वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई सड़कें मरम्मत और बजट स्वीकृति का इंतजार कर रही हैं, तो कुछ जगह निर्माण कार्य अधूरा है।
सिकंदरा से छोकरवाड़ा, भण्डारी और सराय होते हुए आलूदा-पापड़दा को जोड़ने वाला करीब 31 किलोमीटर लंबा एमडीआर-153 मार्ग बदहाल है। इसके नवीनीकरण के लिए सीआरआईएफ योजना में 60 करोड़ रुपए का प्रस्ताव भेजा गया है, लेकिन वित्तीय स्वीकृति नहीं मिलने से काम अटका है। इस मार्ग से 50 से अधिक गांवों के लोगों का सिकंदरा गढ़ और पापड़दा से सीधा जुड़ाव है।
दौसा में सोमनाथ सर्किल से जिला अस्पताल और लालसोट रोड को जोड़ने वाली बाईपास सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं। इससे मरीजों, राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। 7.650 किलोमीटर सड़क का 450.37 लाख रुपए की लागत से सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण 13 अगस्त 2022 को शुरू होकर 12 अगस्त 2023 को पूरा हुआ था। इसके बावजूद पांच साल की रखरखाव अवधि में सड़क पर पेंचवर्क नहीं हुआ।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार डामर की बढ़ी कीमतों के कारण संवेदकों के काम प्रभावित हुए थे। हालांकि, 10 अक्टूबर 2026 को सरकार ने संवेदकों को सरकारी रिफाइनरी से डामर खरीद मूल्य की दर देने का निर्णय किया है। इससे रुके हुए डामरीकरण कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।
इनका कहना है... -गारंटी अवधि से बाहर हो चुकी खराब सड़कों के रिन्यूअल और मेंटेनेंस के लिए भेजे गए प्रस्तावों को जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। डामर के दाम महंगे होने का असर निर्माण कार्यों पर पड़ा था, लेकिन 10 अक्टूबर 2026 को सरकार ने संवेदकों को सरकारी रिफाइनरी से खरीद मूल्य की दर देना तय कर दिया है, जिससे डामरीकरण के काम शुरू हो चुके हैं। गांवों की खराब सड़कों के भी जल्द प्रस्ताव तैयार करवाए जाएंगे। दीन मोहम्मद, अधीक्षण अभियंता, पीडब्ल्यूडी दौसा
भाजपा सरकार के कार्यकाल में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की पूरी तरह उपेक्षा हुई है। आज गांवों की सड़कों की मरम्मत तक के लिए इनके पास बजट नहीं है। ''पर्ची वाली सरकार'' से जनता त्रस्त हो चुकी है। जनता ने जिला प्रमुख और प्रधान चुनाव में भाजपा को हराकर इसका जवाब दे दिया है, जिसका असर आने वाले विधानसभा चुनाव तक देखने को मिलेगा। रामजीलाल ओड, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस दौसा
अभी-अभी चुनावों से फ्री हुए हैं। जल्द ही गांवों की खराब सड़कों की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री, पार्टी के विधायकों और मंत्रियों को अवगत करवाया जाएगा। आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए भाजपा सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। लक्ष्मी रेला, जिलाध्यक्ष, भाजपा दौसा।