
आगरा। पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस समारोह पर शानदार परेड आयोजित की गई। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पुलिस की चुस्ती और फुर्ती देखते ही बनती थी। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म, लद्यु एवं मध्यम उद्यम राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह ने रिजर्व पुलिस लाईन में ध्वजारोहण किया। पुलिस परेड की सलामी ली। अच्छा कार्य करने वाले पुलिसकर्मिंयों को प्रशस्ति-पत्र दिए। मंत्री ने पुलिस को सराहना की।
खाकी वर्दी पहनने वाले सौभाग्यशाली
चौधरी उदयभान सिंह ने कहा कि उन शहीदों के चरणों में श्रद्धांजलि व पुष्पांजलि अर्पित है, जिनके कारण यह देश स्वतंत्र हुआ है। उन्होंने डॉ. भीमराव आम्बेडकर के चरणों में श्रद्धांजलि अर्पित की। डॉ. आंबेडकर ने संविधान सभा के सुझावों को अंगीकार करते हुए देश को एक ऐसा संविधान दिया जो दुनियां में अतुलनीय है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों औक सिपाहियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी विषम परिस्थितियों में भी अपने कार्यों का निवर्हन जिम्मेदारी पूर्वक एवं तत्परता के साथ करते हैं। वे सौभाग्यशाली हैं, जिनको खाकी वर्दी पहनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
शुभकामनाएं दीं
अपर पुलिस महानिदेशक अजय आनंद ने कहा कि पुलिस अपना कार्य ईमानदारी के साथ करती रहेगी। लोगों के स्वतंत्रता के अधिकार की रक्षा करेगी। अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए सतत प्रयास जारी हैं। इन्हें और गति दी जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने सभी से सहयोग मांगा। उन्होंने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक पहली बार परेड में शामिल
पुलिस परेड में पुलिसबल के साथ-साथ प्रथम बार नागरिक सुरक्षा आगरा के 22 स्वयंसेवकों द्वारा भी प्रतिभाग किया गया। नागरिक सुरक्षा दल का प्रतिनिधित्व राजेश कुमार सेक्टर वार्डेन द्वारा किया गया। नीले कलर की यूनीफार्म में सभी प्रतिभागियों द्वारा पुलिस व एन0सी0सी0 कैडेट्स के 10 दलों के साथ उच्च कोटि का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर नागरिक सुरक्षा विभाग से उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा जसवन्त सिंह, सहायक उपनियंत्रक नरेन्द्र शर्मा, सहायक उपनियंत्रक संगीता त्रिपाठी, सहायक उपनियंत्रक संजय गर्ग, मुख्य वार्डेन जी0डी0शर्मा, उपमुख्य वार्डेन अनिल गर्ग तथा नागरिक सुरक्षा के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।