व्यापारी वर्ग लूट और हत्या से दहशत में हैं।
आगरा।योगी आदित्यनाथ की सरकार छह महीने पूरे कर चुकी है। भाजपा सरकार भले ही अपने कामों का बखान कर रही है। लेकिन प्रदेश में हर वर्ग की स्थिति बहुत खराब है। किसानों की हालत निराशाजनक है। बारिश औसत से भी कम हुई हैं, सूखे जैसी भयावह स्थिति होने के आसार हैं और धरतीपुत्र का कर्ज माफ करने के नाम पर यूपी की योगी आदित्यनाथ की सरकार मजाक बना रही है। व्यापारी वर्ग लूट और हत्या से दहशत में हैं। इन्हीं तमाम मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को योगी सरकार के छह महीने पूरे होने और आम जनता की समस्याओं को लेकर आर पार की लड़ाई का एलान किया। पार्टी के पदाधिकारियों ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा।
योगी सरकार पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी जिला एवं महानगर ने संयुक्त रूप से आगरा में विशाल प्रदर्शन किया। आगरा में बिगड़ती कानून व्यवस्था, व्यापारियों के साथ हो रही लूट, हत्या, किसानों के साथ किया जा रहा छल, किसानों का कर्ज माफी के नाम पर मजाक उड़ाया जा रहा है। इसके विरोध में मंगलवार को समाजवादी पार्टी सड़कों पर उतर कर आई। जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष रईस उददीन ने कहा कि इस बार आगरा में 65 फ़ीसदी से बारिश कम हुई है, जिससे किसान बदहाल और परेशान है। उन्होंने आगरा को सूखा घोषित करने की मांग की। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजी लाल सुमन ने कहा कि अब आर-पार की लड़ाई होगी। छह महीने की सरकार ने लूट-खसोट के अलावा कुछ नहीं किया। उन्होंने कार्यकर्ता से कहा कि पांच अक्टूबर के बाद आप तैयार रहें इसी तरह धरना प्रदर्शन किए जाएंगे।
किसानों का ख्याल नहीं
जिला अध्यक्ष रामसहाय यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ऐसी पार्टी है जिसमें किसानों का ख्याल रखा गया और सच में कर्जा माफ किया गया।वहीं इस मौके पर महानगर मीडिया प्रभारी सौरव गुप्ता ने कहा कि अखिलेश यादव की सरकार में गरीब किसान, व्यापारी सब सुरक्षित थे। इस छह महीने की सरकार में गुंडाराज सरकार में शासन प्रशासन के लोग भी सुरक्षित नहीं है।
धरने में ये रहे शामिल
धरना प्रदर्शन में पूर्व कैबिनेट मंत्री रामजीलाल सुमन, सपा महानगर रईसउददीन, जिलाध्यक्ष राम सहाय यादव, महानगर उपाध्यक्ष पप्पू राघव, महानगर मीडिया प्रभारी सौरभ गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी सुरेंद्र चौधरी, जिला महासचिव ऊदल सिंह कुशवाह, पूर्व महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार, पूर्व महासचिव धर्मेंद्र यादव, पूर्व प्रत्याशी लाल सिंह लोधी, मुकेश सिटी, भीम दिवाकर, विनोद श्रोत्रिय, राहुल चतुर्वेदी, जीते ठाकुर, पदम सिंह यादव आदि मौजूद रहे।